Solar Eclipse 2026: साल 2026 का अंतिम सूर्य ग्रहण 12 अगस्त को लगने जा रहा है. यह एक पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, जिसे खगोलीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वहीं ज्योतिष शास्त्र के अनुसार भी यह ग्रहण कई राशियों के लिए बदलाव, नई शुरुआत और चुनौतियों का संकेत लेकर आ सकता है. खास बात यह है कि ग्रहण के समय सूर्य कर्क राशि और अश्लेषा नक्षत्र में रहेंगे, जहां पहले से गुरु और बुध की भी उपस्थिति होगी. ग्रहों का यह दुर्लभ संयोग कई शुभ-अशुभ योगों का निर्माण करेगा. हालांकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहां सूतक काल मान्य नहीं होगा, लेकिन ज्योतिषीय प्रभाव सभी राशियों पर देखने को मिल सकता है.
कब लगेगा साल का आखिरी सूर्य ग्रहण?
भारतीय समय के अनुसार यह पूर्ण सूर्य ग्रहण 12 अगस्त 2026 की रात 11:17 बजे शुरू होगा और 13 अगस्त की सुबह 4:25 बजे समाप्त होगा. यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा. इसे यूरोप के कुछ हिस्सों, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, स्पेन, उत्तरी रूस और आर्कटिक क्षेत्र सहित दुनिया के कई देशों में देखा जा सकेगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भारत में ग्रहण दिखाई न देने के कारण इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा. इसलिए यहां सामान्य धार्मिक और दैनिक कार्यों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा.
ग्रहों का दुर्लभ संयोग क्यों है खास?
इस बार सूर्य ग्रहण कर्क राशि और अश्लेषा नक्षत्र में लग रहा है. ग्रहण के समय सूर्य के साथ गुरु बृहस्पति और बुध भी कर्क राशि में मौजूद रहेंगे. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह स्थिति कई राशियों के लिए बड़े बदलाव, नए अवसर और कुछ मामलों में सतर्कता का संकेत देती है. ग्रहों की यह युति करियर, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक जीवन और मानसिक संतुलन पर अलग-अलग प्रभाव डाल सकती है.
सूर्य ग्रहण का 12 राशियों पर असर
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण करियर और प्रोफेशनल लाइफ में बदलाव का संकेत दे सकता है. कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं और मेहनत के बेहतर परिणाम भी देखने को मिलेंगे. हालांकि, कारोबार करने वाले लोगों को किसी भी बड़े निवेश या फैसले में जल्दबाजी से बचना चाहिए.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लोगों के लिए यह ग्रहण भाग्य और लंबी यात्राओं से जुड़े मामलों में असर डाल सकता है. नौकरी या व्यापार के सिलसिले में यात्रा के योग बन सकते हैं. नई नौकरी, नया प्रोजेक्ट या किसी महत्वपूर्ण अवसर के मिलने की संभावना भी रहेगी.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने का समय रहेगा. अचानक खर्च बढ़ सकते हैं और निवेश से जुड़े फैसलों में सतर्कता जरूरी होगी. बिना पूरी जानकारी के किसी भी जोखिम भरे निवेश से बचना बेहतर रहेगा.
कर्क राशि
कर्क राशि में ही सूर्य ग्रहण लगने के कारण इस राशि के जातकों पर इसका प्रभाव अधिक माना जा रहा है. मानसिक तनाव, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और रिश्तों में गलतफहमियां बढ़ सकती हैं. नौकरी या कारोबार में कोई बड़ा बदलाव भी देखने को मिल सकता है.
सिंह राशि
सिंह राशि के लोगों के लिए यह ग्रहण विदेश, खर्च और करियर से जुड़े मामलों को प्रभावित कर सकता है. नौकरी में स्थान परिवर्तन या विदेश से जुड़े अवसर मिलने की संभावना है. अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखना लाभदायक रहेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण शुभ संकेत लेकर आ सकता है. करियर में नई जिम्मेदारियां, प्रमोशन या नई नौकरी के अवसर मिल सकते हैं. कारोबार में नए संपर्क बनने से भविष्य में लाभ मिलने की संभावना रहेगी.
तुला राशि
तुला राशि के लोगों के लिए कार्यक्षेत्र में बदलाव के संकेत हैं. नौकरी में नई भूमिका या अतिरिक्त जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. व्यापार से जुड़े लोगों को किसी भी बड़े निर्णय से पहले सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण भाग्य और करियर में सकारात्मक बदलाव ला सकता है. नौकरी में तरक्की, नई जिम्मेदारी या किसी बड़े अवसर के मिलने की संभावना है. व्यापार में भी विस्तार के नए रास्ते खुल सकते हैं.
धनु राशि
धनु राशि के लोगों को आर्थिक मामलों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर सतर्क रहना होगा. अचानक खर्च बढ़ सकते हैं और कामकाज में कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है. स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें और धैर्य के साथ निर्णय लें.
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण साझेदारी और वैवाहिक जीवन से जुड़े मामलों को प्रभावित कर सकता है. बिजनेस पार्टनर या जीवनसाथी के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकते हैं. बातचीत और समझदारी से परिस्थितियों को संभालना बेहतर रहेगा.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के लोगों के लिए यह समय काम का दबाव बढ़ाने वाला हो सकता है. नौकरी में नई चुनौतियां सामने आ सकती हैं और व्यस्तता के कारण स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है. नौकरी बदलने का विचार कर रहे हैं तो जल्दबाजी में कोई फैसला न लें.
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण प्रेम संबंध, शिक्षा और संतान पक्ष से जुड़े मामलों में असर डाल सकता है. विद्यार्थियों को पढ़ाई में अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है. नौकरी और कारोबार में नए अवसर मिलने के योग बन रहे हैं, जिनका लाभ उठाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- सावन में राष्ट्र कल्याण का संकल्प, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज करेंगे रुद्राभिषेक