लोकभवन जाकर हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, जानें कब होगा नई सरकार का गठन

Himanta Biswa Sarma Oath Ceremony: असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे 4 मई को सामने आए और इसमें एनडीए गठबंधन को बड़ी जीत मिली. चुनाव परिणाम आने के बाद अब राज्य में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

Assam Himanta Biswa Sarma resigned from the post of Chief Minister after going to Lok Bhavan
Image Source: Social Media

Himanta Biswa Sarma Oath Ceremony: असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे 4 मई को सामने आए और इसमें एनडीए गठबंधन को बड़ी जीत मिली. चुनाव परिणाम आने के बाद अब राज्य में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसी कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया. माना जा रहा है कि असम में नई सरकार का शपथ ग्रहण 12 मई को हो सकता है, और सरमा एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.

बड़ी जीत के बाद सरकार गठन की तैयारी

इस चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है. 126 सीटों वाली विधानसभा में गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं, जिससे सरकार बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. असम में मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में हुआ था और 4 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए गए.

इस्तीफा देने के बाद क्या हुआ

चुनाव नतीजों की आधिकारिक अधिसूचना के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ इस्तीफा दे दिया. यह एक औपचारिक प्रक्रिया होती है, ताकि नई सरकार का गठन आसानी से हो सके.

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. साथ ही उनसे यह भी कहा गया है कि नई सरकार के शपथ लेने तक वे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करते रहें.

शपथ ग्रहण की तैयारी

इस्तीफा देने के बाद मीडिया से बातचीत में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद कभी भी हो सकता है. सूत्रों के अनुसार, 12 मई की तारीख तय मानी जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि यह जीत काफी खास और ऐतिहासिक है, इसलिए इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है.

कैसे चुना जाएगा नया मुख्यमंत्री

नई सरकार के गठन से पहले बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. यह प्रक्रिया केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में पूरी की जाएगी. हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि हिमंत बिस्वा सरमा ही दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे.

ये भी पढ़ें-