Asim Munir Iran Visit: पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर को अपना ईरान दौरा तय समय से पहले ही खत्म करके लौटना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान में उनकी कोशिशों को खास सफलता नहीं मिली. ईरान ने अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए अपनी शर्तों में कोई बदलाव करने से इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि असीम मुनीर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का संदेश लेकर तेहरान पहुंचे थे.
न्यूज18 ने एक वरिष्ठ खुफिया सूत्र के हवाले से बताया कि असीम मुनीर उच्च स्तर की बातचीत के लिए ईरान गए थे. उनका दौरा दो दिन का था, लेकिन वह सिर्फ एक दिन ईरान में रुकने के बाद वापस लौट आए. सूत्र के अनुसार, मुनीर ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई से मिलने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला.
असीम मुनीर की कोशिश क्यों नहीं हुई कामयाब?
असीम मुनीर का यह दौरा ऐसे समय हुआ, जब पाकिस्तान पहले ही अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की कोशिश कर चुका था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली थी. ऐसे में मुनीर की यात्रा को पाकिस्तान की ओर से स्थिति संभालने की एक और कोशिश माना जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, मुनीर अपने साथ कुछ खास और गोपनीय प्रस्ताव लेकर ईरान गए थे. इनका मकसद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने का रास्ता तलाशना था. हालांकि, ईरानी नेताओं ने इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया.
Tomorrow's edition of the Tehran Times
— Tehran Times (@TehranTimes79) August 25, 2026
Stay tuned for straight truth pic.twitter.com/wCKCxUaUMK
ईरान ने साफ कहा कि किसी भी समझौते पर आगे बढ़ने से पहले अमेरिका को उसकी मांगें पूरी करनी होंगी. यानी तेहरान ने अपनी शर्तों में कोई बड़ी नरमी दिखाने से इनकार कर दिया.
होर्मुज को लेकर भी ईरान का रुख साफ
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी ईरान ने असीम मुनीर के सामने अपना रुख साफ रखा. ईरान का कहना है कि होर्मुज को खोलने का फैसला अमेरिका से जुड़ी शर्तों पर निर्भर करेगा. ऐसे में पाकिस्तान की समझौता कराने की कोशिशों के बावजूद ईरान के रुख में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया.
ईरान के राष्ट्रपति से मिले मुनीर
दौरे के दौरान असीम मुनीर ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की. दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता से मुलाकात नहीं हो सकी. यह बात इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि ईरान में राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों से जुड़े बड़े फैसलों में सर्वोच्च नेतृत्व की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है.
तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट ने भी दिया संकेत
असीम मुनीर के दौरे को लेकर ईरान के अखबार तेहरान टाइम्स ने भी एक अलग तस्वीर पेश की. बुधवार को अखबार के पहले पन्ने पर मुनीर और पेजेश्कियान की मुलाकात की तस्वीर प्रमुखता से छापी गई.
रिपोर्ट की हेडलाइन में कहा गया कि ‘गैंबलर का दांव ईरान के सामने आया’. इसके साथ अखबार ने लिखा कि अमेरिका ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ा रहा है और मुनीर को इस टकराव से निकलने का रास्ता तलाशने के लिए भेजा गया है. इससे साफ संकेत मिला कि ईरान पाकिस्तान की मध्यस्थता को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं है.
ये भी पढ़ें- PAK की न्यूक्लियर साइट पर भारत ने किया था हमला? पूर्व CDS अनिल चौहान ने किराना हिल्स को लेकर खोला राज