जम्मू-कश्मीर के पुंछ में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी ईको कार; 6 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. सुरनकोट तहसील के शींदरा गांव के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी.

jammu poonch-eco-car-accident-six-killed-three-injured
Image Source: Social Media

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. सुरनकोट तहसील के शींदरा गांव के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया.

हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोग गंभीर घायल

हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला और पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया. बच्चे की हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया. वहीं, बाकी दो घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है.

शींदरा गांव के पास चालक ने खोया नियंत्रण

बताया जा रहा है कि ईको कार में सवार लोग कहीं जा रहे थे, तभी शींदरा गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. हादसा देर शाम हुआ, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य में भी चुनौतियां सामने आईं. दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के शव अस्पताल लाए गए हैं और पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी. फिलहाल प्राथमिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है. पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

ये भी पढ़ें: 27 अगस्त को देशभर में बदलेगा मौसम, 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट; दिल्ली-NCR में भी बरसेंगे बादल