27 अगस्त को देशभर में बदलेगा मौसम, 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट; दिल्ली-NCR में भी बरसेंगे बादल

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के आसपास बने लो प्रेशर एरिया के असर से उत्तर और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

imd-weather-alert-27-august-rain-18-states kal ka mausam in hindi
Image Source: ANI

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के आसपास बने लो प्रेशर एरिया के असर से उत्तर और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के डेली बुलेटिन के मुताबिक, 27 अगस्त को देश के 18 राज्यों में बारिश होने की संभावना है, जबकि 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 27 अगस्त को सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या फुहार पड़ सकती है. अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 28 अगस्त को मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है, हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. 29 अगस्त को भी बादलों का असर रहेगा, जबकि 30 और 31 अगस्त को फिर हल्की बारिश या फुहार की संभावना है.

राजस्थान में कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना

राजस्थान में बारिश का दौर अभी जारी है और 27 अगस्त को कोटा, भरतपुर तथा जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. पूर्वी राजस्थान में 27 अगस्त से 2 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, हालांकि कोटा संभाग में 27 और 28 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 27 अगस्त को मौसम बिगड़ सकता है. पूर्वी यूपी में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भी कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. IMD के अनुसार दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.

बिहार में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर

बिहार के कई हिस्सों में भी 27 अगस्त को आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

तमिलनाडु में छह दिन तक बारिश का अनुमान

तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. बुधवार को मदुरै, शिवगंगा और रामनाथपुरम के कुछ हिस्सों में भी मध्यम बारिश हो सकती है. चेन्नई में भी मध्यम बारिश का अनुमान है. हालांकि, दक्षिणी जिलों में बारिश की तीव्रता हर जगह एक जैसी नहीं रहेगी और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या मौसम शुष्क भी रह सकता है.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

27 अगस्त को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और लक्षद्वीप में मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए संवेदनशील और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें: नेपाल में बाढ़ से गहराया संकट तो भारत बना सहारा, PM मोदी ने बालेन शाह से कहा - हर संभव सहायता...