जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में भारतीय सेना को शनिवार को बड़ी सफलता मिली. सुरक्षाबलों ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पास दो आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की ओर से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे. सेना ने इस अभियान को “ऑपरेशन पिंपल” नाम दिया है.
ऑपरेशन की शुरुआत
रक्षा सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात भारतीय सेना को LoC के पार से आतंकियों की गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिली थी. रिपोर्ट में कहा गया था कि आतंकियों का एक समूह केरन सेक्टर के जंगलों के रास्ते भारत में घुसने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद चिनार कॉर्प्स और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
शनिवार तड़के जैसे ही सेना के जवान तलाशी अभियान आगे बढ़ा रहे थे, आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सेना ने मोर्चा संभालते हुए दो आतंकियों को ढेर कर दिया.
ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और पाकिस्तानी ओरिजिन के उपकरण बरामद किए गए हैं.
भारतीय सेना का बयान
भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स (15 Corps) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया, "कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सुरक्षा बलों ने LoC के पास घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया है. दो आतंकवादी मार गिराए गए हैं. ऑपरेशन पिंपल जारी है."
OP PIMPLE, Keran, Kupwara
— Chinar Corps🍁 - Indian Army (@ChinarcorpsIA) November 8, 2025
On 07 Nov 2025, based on specific intelligence input from agencies, regarding infiltration attempt, a joint operation was launched in Keran sector of Kupwara. Alert troops spotted suspicious activity and challenged which resulted in terrorists opening… pic.twitter.com/Yu1nLkPQG6
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में सर्च और क्लीनिंग ऑपरेशन जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य घुसपैठिया छिपा न हो.
मारे गए आतंकियों की पहचान अभी बाकी
अब तक मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो सकी है, न ही उनके किसी संगठन से संबंध की पुष्टि हुई है. सेना और पुलिस के संयुक्त दस्ते द्वारा बरामद किए गए सामान की जांच की जा रही है. प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि दोनों आतंकवादी विदेशी नागरिक हो सकते हैं, संभवतः पाकिस्तान या अफगान मूल के.
ये भी पढ़ें- हीरो की नई बाइक Xtreme 125R लॉन्च, भारत में पहली बार डुअल चैनल ABS और क्रूज कंट्रोल के साथ, जानें कीमत