प्यार का इजहार Email पर और तलाक Instagram पर... कैसे शुरू हुई थी अपर्णा-प्रतीक यादव की 'लव स्टोरी'?

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव और उनके पति प्रतीक यादव का रिश्ता एक बार फिर सुर्खियों में है.

Aparna Yadav Pratik Yadav love story declaration of divorce
Image Source: Social Media

Aparna-Prateek Yadav Love Story: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव और उनके पति प्रतीक यादव का रिश्ता एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार वजह उनकी निजी ज़िंदगी से जुड़ा गंभीर विवाद है. प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपने वैवाहिक रिश्ते में आई दरार को सार्वजनिक किया है और तलाक की बात कही है.

प्रतीक यादव ने अपने वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट से किए गए पोस्ट में अपर्णा यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने उन्हें “फैमिली डेस्ट्रॉयर” यानी परिवार को तोड़ने वाली तक कहा और यह भी दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम का उनकी मेंटल हेल्थ पर गहरा असर पड़ा है. इस पोस्ट के बाद यह साफ संकेत मिलने लगे हैं कि कभी एक आदर्श मानी जाने वाली प्रेम कहानी अब अपने अंतिम पड़ाव पर खड़ी है.

यह वही रिश्ता है, जिसकी शुरुआत ईमेल के जरिए प्यार के इज़हार से हुई थी और अब उसका अंत सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए होता दिख रहा है.

स्कूल के दिनों में हुई पहली मुलाकात

अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की प्रेम कहानी की शुरुआत स्कूल के दिनों में हुई थी. बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में हुई थी. उस समय दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे, लेकिन पहले कभी बातचीत नहीं हुई थी. पार्टी के दौरान बातचीत शुरू हुई और यहीं से दोनों के बीच दोस्ती की नींव पड़ी.

उस दौर में सोशल मीडिया का चलन नहीं था. यह बात साल 2001 की है, जब बातचीत के लिए ईमेल सबसे बड़ा माध्यम हुआ करता था. पार्टी के बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ अपनी ईमेल आईडी साझा कीं. अपर्णा उस समय रोजाना ईमेल चेक नहीं करती थीं, लेकिन प्रतीक को जैसे ही अपर्णा की ईमेल आईडी मिली, उन्होंने अपने जज़्बात शब्दों में ढालने शुरू कर दिए.

इनबॉक्स भर गया लव मेल्स से

प्रतीक यादव ने अपर्णा को लगातार कई ईमेल भेजे. जब अपर्णा ने कुछ समय बाद अपनी मेल आईडी खोली, तो उनका इनबॉक्स प्रतीक के प्यार भरे संदेशों से भरा हुआ था. इसके बाद अपर्णा ने जवाब दिया और यहीं से दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया.

धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई. शुरुआती दिनों में अपर्णा को यह तक पता नहीं था कि प्रतीक यादव का संबंध मुलायम सिंह यादव परिवार से है. समय के साथ दोनों ने एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझा और यह रिश्ता गहराता चला गया.

10 साल तक चला प्रेम संबंध

अपर्णा और प्रतीक का प्रेम संबंध करीब 10 साल तक चला. इस लंबे समय के दौरान दोनों ने न सिर्फ एक-दूसरे को जाना, बल्कि अपने-अपने परिवारों को भी समझा. रिश्ते की गंभीरता बढ़ने के बाद परिवारों की सहमति से इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया.

साल 2011 में दोनों की सगाई हुई और इसके कुछ ही महीनों बाद, 4 दिसंबर 2011 को अपर्णा यादव और प्रतीक यादव विवाह के बंधन में बंध गए. यह शादी उस समय उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल शादियों में गिनी गई.

हाई-प्रोफाइल शादी और सियासी शक्ति प्रदर्शन

अपर्णा और प्रतीक की शादी केवल एक पारिवारिक समारोह नहीं थी, बल्कि इसे एक बड़े राजनीतिक और सामाजिक आयोजन के रूप में देखा गया. शादी के दौरान मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक और सामाजिक ताकत साफ नजर आई.

इस समारोह में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, अनिल अंबानी जैसे कई बड़े और चर्चित नाम शामिल हुए. लखनऊ से लेकर सैफई तक शादी की भव्यता और जश्न की चर्चा रही.

दो अलग-अलग व्यक्तित्व

प्रतीक यादव हमेशा से फिटनेस फ्रीक माने जाते रहे हैं. बॉडी बिल्डिंग के प्रति उनका रुझान रहा और उन्होंने रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में भी काम किया.

वहीं अपर्णा यादव एक प्रशिक्षित क्लासिकल सिंगर हैं. उन्होंने मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशंस एंड पॉलिटिक्स में डिप्लोमा किया. शादी के बाद अपर्णा ने राजनीति में सक्रिय रुचि दिखानी शुरू की. दंपती के दो बच्चे भी हैं.

ये भी पढ़ें-  लाखों लोगों की जान बचा चुके NDRF के जवान, भारत ही नहीं दुनियाभर में करते हैं ऑपरेशन, क्या है इनका काम?