अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने एक और भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को अपनी मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल किया है. एजेंसी का आरोप है कि वह एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह से जुड़ा है, जो अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था. फिलहाल उसकी तलाश जारी है.
FBI के मुताबिक, हरमनवीर सिंह पर कोकीन और मेथामफेटामाइन जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी करने, उनकी सप्लाई की साजिश रचने और उन्हें अलग-अलग देशों तक पहुंचाने के आरोप हैं.
जांच एजेंसी का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी में शामिल रहा है.
किस गिरोह से जुड़ा है हरमनवीर?
FBI के अनुसार, हरमनवीर सिंह का संबंध कथित तौर पर 'रविंदर ढांडा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप' से है. बताया गया है कि यह गिरोह कनाडा के वैंकूवर से काम करता है.
Harmanveer Singh is #wanted by the #FBI for his alleged involvement in a transnational criminal organization engaged in a conspiracy to distribute and possess with intent to distribute controlled substances, and conspiracy to export controlled substances. This organization, known… pic.twitter.com/aMfG5kFnxq
— FBI Most Wanted (@FBIMostWanted) July 20, 2026
आरोप है कि यह नेटवर्क अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में ड्रग्स तस्करों तक बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन पहुंचाता था.
कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर अमेरिका के कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने 23 जून को हरमनवीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.
उस पर ड्रग्स तस्करी की साजिश, नशीले पदार्थों के निर्यात की योजना बनाने और बिक्री के इरादे से ड्रग्स रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
कई नामों से करता था पहचान छिपाने की कोशिश
FBI का कहना है कि हरमनवीर सिंह हरी गौतम और हरमन संधू जैसे दूसरे नामों का भी इस्तेमाल करता था.
एजेंसी के रिकॉर्ड के मुताबिक, उसकी जन्मतिथि 26 सितंबर 1994 है. वह भारतीय नागरिक है. उसकी लंबाई करीब 5 फीट 7 इंच और वजन लगभग 190 पाउंड बताया गया है. उसके बाल और आंखें काले रंग के हैं.
FBI ने लोगों से मांगी मदद
FBI ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास हरमनवीर सिंह से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह तुरंत एजेंसी के नजदीकी कार्यालय, अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करे.
एजेंसी ने यह भी कहा है कि जानकारी ऑनलाइन या गुप्त तरीके से भी दी जा सकती है.
इस पूरे मामले की जांच FBI का लॉस एंजिलिस फील्ड ऑफिस कर रहा है. एजेंसी का कहना है कि हरमनवीर सिंह की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करने में मदद मिल सकती है. फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश के लिए कई एजेंसियां मिलकर कार्रवाई कर रही हैं.
ये भी पढ़ें- अब बिना इंटरनेट के भी कर सकेंगे UPI पेमेंट! NPCI ला रहा नया ‘Tap-to-Pay’ फीचर, जानें कैसे करेगा काम