पंजाब में नगर निगम और नगर पंचायत चुनाव की तारीख का ऐलान, 26 मई को मतदान; जानें कब होगी काउंटिंग

Punjab Local Bodies Election: पंजाब में निकाय चुनाव को लेकर चुनावी माहौल शुरू हो गया है. राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने सोमवार (11 मई) को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया.

Announcement of date of Municipal Corporation Nagar Panchayat elections in Punjab voting on 26 May
Image Source: ANI/ File

Punjab Local Bodies Election: पंजाब में निकाय चुनाव को लेकर चुनावी माहौल शुरू हो गया है. राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने सोमवार (11 मई) को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया. पंजाब में 8 नगर निगम, 71 नगर काउंसिल और 21 नगर पंचायतों के चुनाव 26 मई को कराए जाएंगे.

निकाय चुनाव की वोटिंग 26 मई को होगी, जबकि मतगणना और चुनाव परिणाम 29 मई को घोषित किए जाएंगे. जिन 8 नगर निगमों में चुनाव होंगे उनमें बठिंडा, कपूरथला, मोहाली, बटाला, मोगा, अबोहर, पठानकोट और बरनाला शामिल हैं. इसके अलावा कई नगर काउंसिल और नगर पंचायतों में भी चुनाव कराए जाएंगे.

13 मई से शुरू होंगे नामांकन

चुनाव आयोग के अनुसार, उम्मीदवार 13 मई से नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन की प्रक्रिया 16 मई तक चलेगी. इसके बाद 18 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 19 मई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. चुनाव आयोग ने सभी अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी कराने के निर्देश दिए हैं.

राजनीतिक दलों ने शुरू की तैयारी

चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. वहीं टिकट पाने के लिए उम्मीदवारों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.

होशियारपुर नगर निगम चुनाव फिलहाल नहीं

राज्य चुनाव आयोग ने फिलहाल होशियारपुर नगर निगम का चुनाव नहीं कराने का फैसला लिया है. आयोग ने यहां वोटर लिस्ट को दोबारा तैयार करने के निर्देश दिए हैं. बताया जा रहा है कि वोटर लिस्ट को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई थी. इसके बाद चुनाव आयोग ने समीक्षा कर नई और सही वोटर लिस्ट तैयार करने का फैसला लिया है.

ये भी पढ़ें- पद्मिनी एकादशी का व्रत क्यों माना जाता है खास? जानें तिथि और पूजा का सही तरीका