कौन हैं एंजेला और इवान, जिन्होंने एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़कर की सगाई? वीडियो जमकर हो रहा वायरल

Angela and Ivan Empire State: प्यार में लोग अपने पार्टनर को इम्प्रेस करने के लिए कई तरह के तरीके अपनाते हैं. कोई घुटनों पर बैठकर प्रपोज करता है, तो कोई प्लेन या पैराशूट जंप के दौरान शादी का प्रस्ताव रखता है.

Angela and Ivan who got engaged after climbing the Empire State Building NYC Video
Image Source: Social Media

Angela and Ivan Empire State: प्यार में लोग अपने पार्टनर को इम्प्रेस करने के लिए कई तरह के तरीके अपनाते हैं. कोई घुटनों पर बैठकर प्रपोज करता है, तो कोई प्लेन या पैराशूट जंप के दौरान शादी का प्रस्ताव रखता है. लेकिन एक रूसी कपल ने ऐसा खतरनाक तरीका चुना, जिसकी चर्चा अब पूरी दुनिया में हो रही है.

443 मीटर ऊंची इमारत पर सगाई

रूस के मशहूर ‘रूफटॉपर्स’ एंजेला निकोलाउ और इवान बीरकुस ने न्यूयॉर्क की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़कर सगाई की. यह इमारत करीब 1,454 फीट यानी 443 मीटर ऊंची है. दोनों ने इमारत के बेहद ऊंचे और प्रतिबंधित हिस्से तक पहुंचकर वहां सगाई की तस्वीरें और वीडियो बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.

बिना अनुमति पहुंचने पर हुई गिरफ्तारी

न्यूयॉर्क पुलिस के मुताबिक, दोनों बिना अनुमति इमारत के प्रतिबंधित हिस्से में घुस गए थे. बताया गया कि उन्होंने 102वीं मंजिल के ऊपर लगे सुरक्षा गेट को पार किया और 103वीं मंजिल से होते हुए स्पायर तक पहुंच गए.

जब दोनों नीचे आए, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. उन पर बिना अनुमति प्रवेश, लापरवाही से खतरा पैदा करने और आपराधिक शरारत जैसे आरोप लगाए गए हैं. हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई.

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग प्रबंधन का बयान

इमारत के प्रबंधन ने कहा कि इस पूरी घटना में ऑब्जर्वेशन डेक पर मौजूद लोगों या स्टाफ को कोई खतरा नहीं हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई शादी या प्रपोजल करना चाहता है तो इसके लिए पहले से सुरक्षित जगह मौजूद है और ऐसे खतरनाक स्टंट करने की जरूरत नहीं है.

कौन हैं ये दोनों रूफटॉपर्स

एंजेला निकोलाउ और इवान बीरकुस दुनिया के जाने-माने रूफटॉपर्स हैं. ये लोग बिना सुरक्षा उपकरणों के ऊंची इमारतों और टावरों पर चढ़कर फोटो और वीडियो बनाते हैं. दोनों मूल रूप से रूस के रहने वाले हैं और अब न्यू जर्सी में रहते हैं. उनकी जिंदगी पर नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री ‘Skyscrapers: A Love Story’ भी बन चुकी है.

पहले भी कर चुके हैं कई खतरनाक स्टंट

यह पहली बार नहीं है जब दोनों ने ऐसा जोखिम भरा काम किया हो. इससे पहले भी वे कई ऊंची और खतरनाक इमारतों पर चढ़ चुके हैं, जैसे मलेशिया का मर्डेका 118 और चीन की गोल्डिन फाइनेंस 117 जैसी अधूरी गगनचुंबी इमारतें. दोनों कई बार ऐसे स्टंट के लिए गिरफ्तार भी हो चुके हैं.

सोशल मीडिया पर बहस

एंजेला ने सगाई की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कीं, जिसके बाद यह घटना तेजी से वायरल हो गई. कुछ लोगों ने इसे सबसे रोमांटिक प्रपोजल बताया, जबकि कई लोगों ने इसे बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना हरकत कहा.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर बिना अनुमति चढ़ाई बहुत कम ही हुई है. 1994 में एक पर्वतारोही ने अनुमति लेकर चढ़ाई की थी, जबकि 2023 में हॉलीवुड एक्टर जेरेड लेटो ने भी आधिकारिक अनुमति के साथ ऐसा किया था.

ये भी पढ़ें- बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनने का शानदार मौका, इतने पदों पर निकली भर्ती, कब शुरू होंगे आवेदन?