कन्नड़ एक्टर अनंत नाग को मिलेगा दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, 300 से ज्यादा फिल्मों में किया है काम

भारतीय सिनेमा में अपने लंबे और शानदार सफर के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा.

Anant Nag To Receive Dadasaheb Phalke Award 2024
Image Source: Social Media

भारतीय सिनेमा में अपने लंबे और शानदार सफर के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा. भारत सरकार ने बुधवार, 16 सितंबर को इस प्रतिष्ठित सम्मान का ऐलान किया. दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश के बाद अनंत नाग के नाम की घोषणा की गई है. यह सम्मान उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान और दशकों लंबे सिनेमाई सफर के लिए दिया जाएगा.

22 सितंबर को समारोह में मिलेगा सम्मान

अनंत नाग को 22 सितंबर 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो ने घोषणा करते हुए कहा कि अनंत नाग का सिनेमाई सफर कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा है. कन्नड़ सिनेमा के प्रमुख अभिनेताओं में शामिल अनंत नाग ने अपने अभिनय से क्षेत्रीय सिनेमा के साथ-साथ भारतीय फिल्म जगत में भी खास पहचान बनाई है.

300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम

4 सितंबर 1948 को जन्मे अनंत नाग ने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है. कन्नड़ के अलावा उन्होंने हिंदी, मलयालम, तेलुगु, मराठी और तमिल फिल्मों में भी काम किया है. ‘मुंगारु माले’, ‘गौरी गणेशा’, ‘मंथन’, ‘केजीएफ चैप्टर 1’, ‘केजीएफ चैप्टर 2’ और ‘गोधी बन्ना साधारण मायकट्टू’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने सराहा. अभिनय के साथ अनंत नाग राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनंत नाग को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अभिनेता अनंत नाग को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है. पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा- 'दिग्गज कलाकार अनंत नाग जी को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर बधाई. कई दशकों से, उनके सहज अभिनय, अद्भुत बहुमुखी प्रतिभा और शानदार काम ने भारतीय सिनेमा, और खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है. उन्होंने जो भी भूमिका निभाई, उसमें एक अनोखी गहराई और सच्चाई दिखाई. यह सच में एक बेहद खास कलाकार के लिए पूरी तरह से हकदार सम्मान है.'

ये भी पढ़ें: दो राज्यों में टैक्स फ्री हुई 'Hanuman Ansh'... 40 दिन बाद भी बॉक्स ऑफिस पर कर रही छप्पर फाड़ कमाई