बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है. नीम करौली बाबा की जिंदगी पर बनी यह फिल्म महज 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई थी, लेकिन रिलीज के 40 दिन बाद भी सिनेमाघरों में दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है. इसी बीच उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में फिल्म को टैक्स-फ्री घोषित किया गया है, जिससे इसकी चर्चा और बढ़ गई है.
उत्तराखंड में सरकार ने उठाया SGST का बोझ
उत्तराखंड सरकार ने इस महीने की शुरुआत में ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स-फ्री करने का फैसला लिया था. इसके तहत सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म टिकट पर लगने वाले स्टेट GST का भार सरकार उठाएगी, जिससे दर्शकों को इस टैक्स से राहत मिलेगी. उत्तराखंड के सूचना महानिदेशक और उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने टैक्स विभाग को इस संबंध में जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. वहीं, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में परिवार के साथ फिल्म देखने के बाद इसे राज्य में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की.
उत्तराखंड में क्यों टैक्स फ्री की गई 'हनुमान अंश'?
इस बारे में घोषणा करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एएनआई को बताया, "बाबा नीम करौली महाराज पर 'हनुमान अंश' नाम की एक फीचर फिल्म बनाई गई है. यह एक बहुत ही आध्यात्मिक फिल्म है जिसे हर किसी को देखना चाहिए. जो लोग उनके बारे में पढ़ते हैं या उनकी मौजूदगी को महसूस करते हैं, वे उन्हें भगवान हनुमान का अवतार मानते हैं.
यह परिवार के साथ देखने लायक फिल्म है. इसमें बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है कि कैसे भगवान के प्रति सच्ची भक्ति से उनका आशीर्वाद और कृपा मिलती है. बच्चों को भी यह फिल्म देखनी चाहिए क्योंकि यह जगह उत्तराखंड से गहराई से जुड़ी हुई है. हम चाहते हैं कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देखें, इसलिए हम इसे टैक्स-फ़्री कर रहे हैं."
40वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर जारी है कमाई
‘हनुमान अंश’ ने सिनेमाघरों में 40 दिन पूरे कर लिए हैं और इसके बावजूद फिल्म की कमाई जारी है. सैकनिल्क के मुताबिक 15 सितंबर यानी 40वें दिन फिल्म ने 9,175 शोज से 8.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 272.90 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 231.13 करोड़ रुपये पहुंच गया है. ओवरसीज में 40वें दिन फिल्म ने 2 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद विदेशों में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 18.50 करोड़ रुपये हो गया. फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 291.40 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘हर तरह का धोखा मिला...’ Bigg Boss 20 में बादशाह संग रिश्ते पर ईशा रिखी ने खोला दर्दनाक राज