टीवी और फिल्म जगत के लिए बीते कुछ दिन बेहद दर्दभरे रहे हैं. मनोरंजन की दुनिया को एक और बड़ा झटका तब लगा जब मशहूर अभिनेता सतीश शाह ने 25 अक्टूबर को इस दुनिया को अलविदा कह दिया. लंबे समय से वो किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे और आखिरकार ज़िंदगी की जंग हार गए. सतीश शाह को दर्शकों ने हमेशा उनके अनोखे अभिनय और कॉमिक टाइमिंग के लिए सराहा, खासकर मशहूर शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में उनके निभाए गए इंद्रवदन साराभाई के किरदार ने उन्हें अमर कर दिया.
सतीश शाह के निधन की खबर ने उनके चाहने वालों के साथ-साथ उनके ऑनस्क्रीन बेटे सुमीत राघवन को भी गहराई तक झकझोर दिया है. सुमीत, जिन्होंने शो में साहिल साराभाई की भूमिका निभाई थी, ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वो अपने ऑनस्क्रीन पिता को याद करते हुए भावुक हो उठे.
2004 में हमने एक शो शुरू किया था
वीडियो में सुमीत ने कांपती आवाज़ में कहा, कि 2004 में हमने एक शो शुरू किया था... सिर्फ 70 एपिसोड चले, लेकिन आज 21 साल बाद भी लोग उस शो से इतना जुड़ाव महसूस करते हैं. हर कोई कहता है. ‘मैं अपने घर का साहिल हूं’, ‘वो मेरी पत्नी मोनिषा जैसी है’... लेकिन किसी ने कभी नहीं कहा कि ‘वो हमारे घर का इंद्रवदन है’, क्योंकि ऐसा सिर्फ एक ही था. सतीश काका. और वो अब हमारे बीच नहीं हैं.”
‘साराभाई’ परिवार की यादें और सुमीत की श्रद्धांजलि
सुमीत ने अपने वीडियो में बताया कि शो के साथ-साथ पूरी टीम का रिश्ता भी गहराता गया था. जब भी वे आपस में मिलते रूपाली, राजेश या सतीश शाह तो एक-दूसरे को शो के नामों से ही पुकारते थे: साहिल, मोनिषा, रोशेश, पापा और मम्मी. यही रिश्ता अब यादों में बदल गया है. वीडियो के अंत में सुमीत ने रोते हुए कहा, “साराभाई परिवार के मुखिया आज हमें छोड़कर चले गए... कुछ समय से वो बहुत मुश्किल में थे, और आखिरकार उन्होंने हार मान ली. लव यू डैड…”
एक युग का अंत
सतीश शाह सिर्फ एक्टर नहीं थे, वो उस दौर की पहचान थे जब हर घर में उनका चेहरा मुस्कान लेकर आता था. उनके जाने से इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि करोड़ों दर्शकों के दिलों में खालीपन छा गया है. सुमीत की तरह ही, हर ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ प्रेमी आज यही कह रहा है — “लव यू सतीश काका, आप हमेशा हमारे इंदू रहेंगे.”
यह भी पढ़ें: बिग बॉस 19: वीकेंड का वार में धमाल, सलमान संग आए मीका सिंह और सोनाक्षी सिन्हा