ईरान के साथ जंग में अमेरिका को बड़ा झटका, कुवैत में F-15 फाइटर जेट क्रैश, देखें VIDEO

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका को एक बड़ा झटका लगा है. कुवैत में अमेरिकी सेना का एक F-15 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

Americas F-15 fighter jet crashes in kuwait during war with Iran
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका को एक बड़ा झटका लगा है. कुवैत में अमेरिकी सेना का एक F-15 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब ईरान और अमेरिका के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हैं.

जानकारी के मुताबिक, जेट के क्रैश होने से पहले उसमें सवार पायलट और उसका सहयोगी समय रहते इजेक्ट कर गए. दोनों पैराशूट के जरिए सुरक्षित जमीन पर उतरने में सफल रहे. घटना के बाद सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान धीरे-धीरे नीचे आता हुआ क्रैश हो रहा है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि संभवतः उसके इंजन में खराबी आ गई थी.

युद्ध के बीच हादसे ने बढ़ाई चिंता

यह दुर्घटना ऐसे वक्त हुई है जब ईरान लगातार इजरायल और मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है. ऐसे माहौल में इस तरह की घटना ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं और इसे लेकर अलग-अलग अटकलें भी लगाई जा रही हैं.

कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया है कि यह हादसा “फ्रेंडली फायर” का परिणाम हो सकता है, यानी गलती से अमेरिकी या उसके सहयोगी बलों ने ही अपने विमान को निशाना बना लिया. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.

कुवैत में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी

कुवैत में अमेरिकी सेना की मजबूत मौजूदगी है, खासतौर पर अली अल सलेम एयर बेस जैसे ठिकानों पर, जहां अमेरिकी वायुसेना के विमान तैनात रहते हैं. हालांकि कुवैत खुद भी F-15 जेट का इस्तेमाल करता है, लेकिन यह स्पष्ट किया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान अमेरिकी सेना का ही था.

रेस्क्यू का वीडियो भी आया सामने

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया कि इजेक्ट करने के बाद पायलट को स्थानीय लोग मदद करते हुए एक वाहन तक ले जाते हैं. बाद में पुलिस मौके पर पहुंचती है और पायलट को मेडिकल सहायता के लिए एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा जाता है.

ये भी पढ़ें- Middle East Unrest: सऊदी अरब, कतर, इजरायल और UAE जाने वाली सभी उड़ानें रद्द, एअर इंडिया की एडवाइजरी