अमेरिका में इस साल नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले एक नए सर्वे ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी की चिंता बढ़ा दी है. सर्वे के मुताबिक अगर आज चुनाव कराए जाएं, तो डेमोक्रेटिक पार्टी को बढ़त मिल सकती है.
नवंबर में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर चुनाव होने हैं.
सर्वे में डेमोक्रेट्स को बढ़त
फॉक्स न्यूज के पोल के अनुसार, बड़ी संख्या में मतदाता इस बार डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट देने के लिए ज्यादा उत्साहित हैं.
सर्वे में 53% लोगों ने कहा कि अगर अभी चुनाव हुए तो वे डेमोक्रेटिक उम्मीदवार को वोट देंगे, जबकि 46% लोगों ने रिपब्लिकन उम्मीदवार का समर्थन किया. यानी डेमोक्रेट्स को 7 प्रतिशत की बढ़त मिलती दिख रही है.
किन मुद्दों पर ट्रंप पीछे?
सर्वे के मुताबिक लोगों का मानना है कि डेमोक्रेट्स महंगाई, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, आय की असमानता और विदेश नीति जैसे मुद्दों को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं.
वहीं, अपराध के मुद्दे पर रिपब्लिकन पार्टी को बढ़त मिली है. राष्ट्रीय सुरक्षा और सरकारी खर्च के मामले में दोनों पार्टियों के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का बताया गया है.
वोट देने को लेकर भी डेमोक्रेट्स में ज्यादा उत्साह
सर्वे में 68% डेमोक्रेट समर्थकों ने कहा कि वे चुनाव में जरूर वोट देंगे. वहीं रिपब्लिकन समर्थकों में यह आंकड़ा 57% रहा.
इससे साफ है कि फिलहाल डेमोक्रेट समर्थकों में चुनाव को लेकर ज्यादा उत्साह दिखाई दे रहा है.
ट्रंप की लोकप्रियता में भी गिरावट
सर्वे के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप की जॉब अप्रूवल रेटिंग 39% पर बनी हुई है. यानी 39% लोग उनके काम से संतुष्ट हैं, जबकि बाकी लोग उनके कामकाज से खुश नहीं हैं.
यह उनकी सबसे कम रेटिंग के करीब मानी जा रही है.
30 साल बाद बन सकता है नया रिकॉर्ड
फॉक्स न्यूज के सर्वे के अनुसार, प्रतिनिधि सभा के चुनाव के लिए डेमोक्रेट्स को 53% समर्थन मिल रहा है. बताया जा रहा है कि 1996 के बाद पहली बार किसी पार्टी को इस सर्वे में इतना ज्यादा समर्थन मिला है.
हालांकि, यह सिर्फ एक जनमत सर्वे है. असली नतीजे नवंबर में होने वाले चुनाव के बाद ही सामने आएंगे.
ये भी पढ़ें- टीम इंडिया का स्पॉन्सर बनना हुआ और महंगा! BCCI ने बढ़ाई टाइटल राइट्स की कीमत, जानें नई बेस प्राइस