शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में गिरी बारातियों की कार, 5 की दर्दनाक मौत

ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने एक परिवार की खुशियों को पलभर में गहरे शोक में बदल दिया. जिस घर में शादी की तैयारियां और जश्न का माहौल था, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार और मातम छा गया.

odisha-wedding-car-falls-pond-five-baratis-die-tragedy
Image Source: Social Media

ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने एक परिवार की खुशियों को पलभर में गहरे शोक में बदल दिया. जिस घर में शादी की तैयारियां और जश्न का माहौल था, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार और मातम छा गया. बारात लेकर जा रही एक कार रास्ते में हादसे का शिकार हो गई और पानी से भरे तालाब में जा गिरी. इस दुर्घटना में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

कार अचानक हुई हादसे का शिकार

जानकारी के अनुसार, बांगुरसिंह गांव निवासी अभिषेक साहू की शादी ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के इंदुपुर गांव में तय हुई थी. बारात कई वाहनों में विवाह स्थल की ओर रवाना हुई थी. इसी दौरान बारातियों से भरी एक महिंद्रा एक्सयूवी रात के समय अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे बांध से जुड़े तालाब में जा गिरी. पानी में गिरने के बाद कार के अंदर सवार लोग बाहर नहीं निकल सके, जिससे दम घुटने के कारण पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे में जान गंवाने वालों की हुई पहचान

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 25 वर्षीय राम साहू, 26 वर्षीय अविनाश साहू, 25 वर्षीय राकेश कुमार साहू, 27 वर्षीय चंद्रकांत स्वाईं और दूल्हे की मौसी के बेटे अभिजीत साहू के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी.

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद ढेंकानाल सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया. हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. इस दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. जिस परिवार में कुछ ही घंटों बाद शादी की रस्में होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, जमानत रद्द कर तीन हफ्ते में सरेंडर करने का दिया आदेश