DA Hike 2026: देशभर के लाखों सरकारी कर्मचारी जुलाई 2026 के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस बीच केंद्र सरकार ने केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों (CPSE) में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत दे दी है. सरकार ने विभिन्न वेतनमानों के तहत आने वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में संशोधन की घोषणा कर दी है, जिससे उनकी मासिक आय में बढ़ोतरी होगी. यह फैसला ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर लिया गया है और इसका लाभ देश की कई महारत्न, नवरत्न और मिनीरत्न कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा.
CPSE कर्मचारियों के लिए बढ़ाया गया महंगाई भत्ता
केंद्रीय लोक उद्यम विभाग (DPE) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 1987, 1997, 2007 और 2017 के वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में संशोधन किया गया है. सरकार ने यह बढ़ोतरी महंगाई के मौजूदा आंकड़ों और ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के आधार पर लागू की है. इस फैसले से सार्वजनिक क्षेत्र के हजारों अधिकारियों और कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी होगी.
किन कंपनियों के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का फायदा देश की कई प्रमुख सरकारी कंपनियों के कर्मचारियों को मिलेगा. इनमें BHEL, BPCL, GAIL, HPCL, IOCL, NTPC, ONGC, Power Grid और REC जैसी महारत्न कंपनियां शामिल हैं. इसके अलावा BEL, HAL, MTNL, NMDC, NALCO और RVNL जैसी नवरत्न कंपनियों के कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा. वहीं IRCTC, NHPC, Cochin Shipyard और CCI जैसी मिनीरत्न कंपनियों में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी भी बढ़े हुए महंगाई भत्ते के पात्र होंगे.
जुलाई DA का इंतजार अभी बाकी
जहां CPSE कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते का ऐलान हो चुका है, वहीं केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अभी जुलाई 2026 के DA संशोधन का इंतजार है. आमतौर पर केंद्र सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में महंगाई भत्ते की समीक्षा करती है. माना जा रहा है कि जुलाई 2026 के DA में बढ़ोतरी की घोषणा अक्टूबर के आसपास की जा सकती है. हालांकि इसका प्रभाव जुलाई से ही लागू होगा और कर्मचारियों को जुलाई से मिलने वाली अतिरिक्त राशि एरियर के रूप में भी दी जाएगी. यदि ऐसा होता है, तो दिवाली के आसपास कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी के साथ एरियर का भी लाभ मिल सकता है.
अलग-अलग वेतनमान के लिए कितना बढ़ा DA?
सरकार ने विभिन्न वेतनमानों के अनुसार महंगाई भत्ते की नई दरें तय की हैं. 1997 वेतनमान वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाकर 476.9 प्रतिशत कर दिया गया है. वहीं 2007 वेतनमान के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 241.7 प्रतिशत निर्धारित किया गया है. इसके अलावा 2017 वेतनमान के तहत आने वाले कर्मचारियों का DA बढ़ाकर 55.7 प्रतिशत कर दिया गया है.
सैलरी पर कितना पड़ेगा असर?
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का सीधा असर कर्मचारियों की मासिक आय पर दिखाई देगा. उदाहरण के तौर पर यदि 1997 वेतनमान के किसी कर्मचारी का मूल वेतन 20,000 रुपये है, तो 476.9 प्रतिशत की दर से उसे 95,380 रुपये महंगाई भत्ता मिलेगा. इस तरह उसका मूल वेतन और DA मिलाकर कुल वेतन 1,15,380 रुपये हो जाएगा. इसमें अन्य भत्ते अलग से जोड़े जाएंगे, जिससे कुल सैलरी और अधिक हो सकती है.
केंद्रीय कर्मचारियों की नजर अगले ऐलान पर
फिलहाल CPSE कर्मचारियों के लिए सरकार का फैसला राहत लेकर आया है, लेकिन लाखों केंद्रीय सरकारी कर्मचारी अब भी जुलाई DA बढ़ोतरी की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं. यदि सरकार अक्टूबर में महंगाई भत्ते में संशोधन का ऐलान करती है, तो इसका लाभ कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिल सकता है. ऐसे में आने वाले महीनों में केंद्र सरकार की घोषणा पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी.
ये भी पढ़ें- DA Hike: सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! सरकार ने महंगाई भत्ता बढ़ाया, इन कंपनियों में बढ़ेगी सैलरी