चीन के लिए जासूसी करती थी अमेरिकी महिला! ताइवानी राष्ट्रपति के बेटे का बनाया वीडियो, कैसे हुई गिरफ्तार?

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने रविवार को लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट से 34 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया.

America FBI Arrests Woman Spying For China Taiwanese Presidents son
Image Source: Social Media

China Spy Arrested: अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने रविवार को लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट से 34 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया. उस पर आरोप है कि उसने चीन सरकार के लिए काम करते हुए ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के बेटे टिंग-यू लाई की निगरानी की और उनकी तस्वीरें व वीडियो चीन भेजे.

महिला की पहचान वैनयिंग झांग उर्फ हीदर झांग के रूप में हुई है. वह कैलिफोर्निया के इरविन में रियल एस्टेट एजेंट है. FBI ने उसे उस वक्त पकड़ा, जब वह लॉस एंजिल्स से शंघाई जाने वाली फ्लाइट लेने वाली थी. अमेरिकी अधिकारियों ने उस पर विदेशी सरकार के लिए काम करने का आरोप लगाया है.

कैलिफोर्निया में रियल एस्टेट एजेंट थी महिला

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, सितंबर 2025 में झांग एक अन्य व्यक्ति के साथ लास वेगास से सिएटल गई थी. दोनों ने वहां काली निसान रोग कार किराए पर ली और ताइवान के राष्ट्रपति के बेटे के घर के पास पहुंचे.

FBI का आरोप है कि दोनों ने घर और वहां आने वाले लोगों की तस्वीरें और वीडियो बनाए. पड़ोसी के सुरक्षा कैमरे की फुटेज में भी दोनों को रिकॉर्डिंग करते देखा गया था. झांग ने चीन के एक सरकारी अधिकारी को वीचैट पर जानकारी भेजी और बताया कि उसने टिंग-यू को देख लिया है. उसने दो गाड़ियों के नंबर भी भेजे थे.

जून में चीनी अधिकारी से मिलने गई थी महिला

FBI की शिकायत के मुताबिक, झांग की मुलाकात जून 2025 में चीन के एक सरकारी अधिकारी से हुई थी. उसे उसकी यूनिवर्सिटी के एक पुराने दोस्त ने अधिकारी से मिलवाया था. इसके बाद झांग चीन के चांगशा शहर गई, जहां एक निजी कमरे में उसकी मुलाकात हुई.

FBI के मुताबिक, इसी दौरान उसे निगरानी से जुड़ा काम दिया गया था. बाद में झांग ने अधिकारी को बताया कि वह यह काम संभाल लेगी और जल्द सिएटल जा सकती है. इसके बाद वह सितंबर में अपने साथी के साथ वहां पहुंची.

FBI ने बताया- तस्वीरों का इस्तेमाल दबाव बनाने में हो सकता था

FBI एजेंट होल्ट ने शिकायत में कहा कि किसी संभावित संघर्ष की स्थिति में ताइवान के राष्ट्रपति पर दबाव बनाने के लिए उनके करीबी रिश्तेदारों की जानकारी चीन के काम आ सकती है. इसमें घर, गाड़ियों और लोकेशन से जुड़ी तस्वीरें शामिल हैं.

झांग के पति एड्रिक डिंग भी उसी रियल एस्टेट कंपनी में काम करते हैं. उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्हें अभी मामले की जानकारी नहीं है.

ताइवान के राष्ट्रपति के बेटे कौन हैं?

टिंग-यू लाई ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के बेटे हैं और अमेरिका में रहते हैं. वह इंजीनियर हैं. उन्होंने केस वेस्टर्न रिजर्व यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री और यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन से पीएचडी की.

टिंग-यू फिलहाल नीदरलैंड की कंपनी फिलिप्स में काम करते हैं. उनकी पत्नी और बच्चा भी अमेरिका में रहते हैं.

अमेरिका में पहले भी चीन से जुड़े जासूसी के मामले सामने आए-

  • 2023: न्यूयॉर्क में चीन के कथित गुप्त पुलिस स्टेशन से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
  • 2024: न्यूयॉर्क में रहने वाले शुजुन वांग को चीन के लिए काम करने का दोषी पाया गया था.
  • 2026: कैलिफोर्निया की पूर्व मेयर ईलीन वांग पर चीन के लिए एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाया गया था.

चीन और ताइवान के बीच तनाव की वजह क्या है?

ताइवान में अपनी लोकतांत्रिक सरकार है, जबकि चीन उसे अपने क्षेत्र का हिस्सा मानता है. बीजिंग ताइवान को चीन में शामिल करने की बात करता रहा है और जरूरत पड़ने पर बल प्रयोग की संभावना से भी इनकार नहीं करता.

वहीं, ताइवान की सरकार अपने भविष्य का फैसला खुद करने की बात कहती है. राष्ट्रपति लाई चिंग-ते की पार्टी ताइवान की अलग पहचान और स्वशासन पर जोर देती है. इसी वजह से चीन और ताइवान के बीच तनाव बना हुआ है.

अमेरिका के ताइवान के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं, लेकिन वह उसका बड़ा समर्थक और हथियारों का प्रमुख आपूर्तिकर्ता है.

ताइवान अमेरिका और चीन के लिए इतना अहम क्यों है?

ताइवान सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री का बड़ा केंद्र है. दुनिया की प्रमुख चिप कंपनी TSMC भी ताइवान की है. यहां बनने वाली एडवांस चिप्स का इस्तेमाल मोबाइल, कंप्यूटर, कार और AI से जुड़े उपकरणों में होता है.

इसी वजह से ताइवान को लेकर किसी बड़े संकट का असर चीन और अमेरिका के अलावा दुनिया की टेक्नोलॉजी और चिप सप्लाई पर भी पड़ सकता है.