भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड को मिलेंगे 76 नए हेलीकॉप्टर, समंदर से सियाचिन तक मजबूत होगी निगरानी

भारत अपनी समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के बेड़े में 76 नए हेलीकॉप्टर शामिल किए जा सकते हैं.

The Indian Navy and Coast Guard will receive 76 new helicopters make in india
Image Source: ANI

भारत अपनी समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के बेड़े में 76 नए हेलीकॉप्टर शामिल किए जा सकते हैं. इस पूरी योजना पर करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसका मुख्य मकसद पुराने चीता और चेतक हेलीकॉप्टरों की जगह आधुनिक हेलीकॉप्टर लाना है.

नए हेलीकॉप्टरों के शामिल होने से समुद्र में निगरानी, खोज और बचाव अभियान जैसे कामों में दोनों सुरक्षा बलों की ताकत बढ़ेगी. रक्षा सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर जल्द ही उच्चस्तरीय बैठक हो सकती है. बैठक में मंजूरी मिलने के बाद खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है.

नेवी को 51 और कोस्ट गार्ड को मिलेंगे 25 हेलीकॉप्टर

प्रस्तावित योजना के तहत कुल 76 हेलीकॉप्टर खरीदे जाएंगे. इनमें से 51 हेलीकॉप्टर भारतीय नौसेना को मिलेंगे, जबकि 25 हेलीकॉप्टर भारतीय तटरक्षक बल के बेड़े में शामिल किए जाएंगे.

इन हेलीकॉप्टरों की खरीद 'बाय एंड मेक (इंडियन)' श्रेणी के तहत करने की योजना है. इसके तहत भारतीय कंपनियां विदेशी कंपनियों के साथ मिलकर हेलीकॉप्टर बनाएंगी. इनका निर्माण भारत में ही किया जाएगा. इससे देश में हेलीकॉप्टर बनाने की क्षमता बढ़ेगी और मेक इन इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलेगी.

नौसेना और तटरक्षक बल को पांच टन से ज्यादा वजन उठाने में सक्षम आधुनिक हेलीकॉप्टरों की जरूरत है. मौजूदा ट्विन इंजन हेलीकॉप्टरों के संचालन में आ रही चुनौतियों को देखते हुए नए हेलीकॉप्टर खरीदने की तैयारी की जा रही है.

HAL से 60 स्वदेशी समुद्री हेलीकॉप्टर भी खरीदेगी नौसेना

76 नए हेलीकॉप्टरों की खरीद के अलावा भारतीय नौसेना की एक और बड़ी योजना है. इसके तहत नौसेना हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से 60 यूएच मरीन हेलीकॉप्टर खरीद सकती है. इन हेलीकॉप्टरों को स्वदेशी तकनीक की मदद से तैयार किया जा रहा है.

इससे पहले नौसेना ने 111 नेवल लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन इस प्रोजेक्ट में ज्यादा प्रगति नहीं हो पाई. अब यूएच मरीन हेलीकॉप्टरों के जरिए नौसेना अपनी जरूरतों को पूरा करने की तैयारी में है. इससे भारत में ही आधुनिक समुद्री हेलीकॉप्टर बनाने को बढ़ावा मिलेगा और विदेशी कंपनियों पर निर्भरता भी कम होगी.

थल सेना और वायु सेना भी खरीदेंगी 400 हल्के हेलीकॉप्टर

हेलीकॉप्टर खरीदने की तैयारी सिर्फ नौसेना और तटरक्षक बल तक सीमित नहीं है. भारतीय थल सेना और वायु सेना भी अपने पुराने हेलीकॉप्टरों को बदलने की योजना बना रही हैं. दोनों सेनाएं मिलकर करीब 400 हल्के हेलीकॉप्टर खरीदना चाहती हैं.

इस योजना के तहत 200 हेलीकॉप्टर सरकारी कंपनी HAL बनाएगी. वहीं, बाकी 200 हेलीकॉप्टर विदेशी कंपनियों के सहयोग से निजी कंपनियां तैयार करेंगी. रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने निजी क्षेत्र के जरिए 200 हेलीकॉप्टर बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है. इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जा सकते हैं.

सियाचिन से अरुणाचल तक निगरानी में मिलेगी मदद

भारतीय सेना के तीनों अंगों को मिलाकर करीब 500 हल्के हेलीकॉप्टरों की जरूरत बताई गई है. इनका इस्तेमाल सीमावर्ती और दुर्गम इलाकों में सैनिकों की मदद करने के साथ निगरानी और टोही अभियानों में किया जाता है.

सियाचिन ग्लेशियर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक कई ऐसे इलाके हैं, जहां मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां काफी कठिन हैं. इन जगहों पर हल्के हेलीकॉप्टर सैनिकों तक जरूरी सामान पहुंचाने और दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करते हैं.

समुद्री इलाकों में भी इन हेलीकॉप्टरों की अहम भूमिका होगी. नौसेना इनका इस्तेमाल निगरानी के अलावा खोज और बचाव अभियानों में कर सकेगी. नई खरीद पूरी होने के बाद पुराने हेलीकॉप्टरों पर निर्भरता कम होगी और भारतीय सुरक्षा बलों की हवाई ताकत पहले से ज्यादा मजबूत हो सकेगी.