Ben Stokes: इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है. उन्होंने घोषणा की है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेला जा रहा टेस्ट मैच उनके करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा. इस मैच के बाद स्टोक्स इंग्लैंड की जर्सी में मैदान पर नजर नहीं आएंगे. उनके संन्यास के साथ क्रिकेट का एक शानदार अध्याय भी खत्म हो जाएगा.
2011 में शुरू हुआ था इंटरनेशनल करियर
बेन स्टोक्स ने साल 2011 में इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था. उन्होंने सबसे पहले सीमित ओवरों के क्रिकेट में डेब्यू किया. इसके बाद दिसंबर 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरान एडिलेड में टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू किया. अप्रैल 2022 में उन्हें इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई और उनकी अगुवाई में टीम ने कई यादगार मुकाबले जीते.
One of England's all-time greatest captains, Ben Stokes, has decided to retire from international cricket at the end of this Test match.
— England Cricket (@englandcricket) June 28, 2026
Ben, you have been the most inspirational captain, leader and legend this team could have ever hoped for.
We love you so much and wish you… pic.twitter.com/U5grq0F0kj
2019 वर्ल्ड कप फाइनल की पारी हमेशा रहेगी यादगार
बेन स्टोक्स ने अपने करियर में कई ऐसी पारियां खेलीं, जिन्हें क्रिकेट फैंस कभी नहीं भूल पाएंगे. साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में उन्होंने नाबाद 84 रन बनाकर इंग्लैंड को मैच में बनाए रखा. मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा और इंग्लैंड पहली बार विश्व चैंपियन बना.
इसी साल एशेज सीरीज के हेडिंग्ले टेस्ट में स्टोक्स ने 135 रन की नाबाद पारी खेलकर इंग्लैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई. वहीं, साल 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में उन्होंने 258 रन की शानदार पारी खेली, जो उनके टेस्ट करियर का सबसे बड़ा स्कोर रहा.
ECB ने स्टोक्स की जमकर तारीफ की
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन ने स्टोक्स के संन्यास पर उन्हें इंग्लैंड के महान खिलाड़ियों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि स्टोक्स ने हर मुश्किल समय में टीम का साथ दिया और अपने प्रदर्शन से करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता. उनके मुताबिक, स्टोक्स ने हमेशा दबाव में शानदार खेल दिखाया और कई ऐसे मैच जिताए जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा.
इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार रहा रिकॉर्ड
बेन स्टोक्स ने अपने इंटरनेशनल करियर में 121 टेस्ट, 114 वनडे और 43 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 7,228 रन बनाए और 246 विकेट भी लिए. वनडे में उनके नाम 3,463 रन और 74 विकेट दर्ज हैं.
वहीं टी20 इंटरनेशनल में स्टोक्स ने 585 रन बनाए और 26 विकेट हासिल किए. अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन, यादगार पारियों और टीम के लिए अहम योगदान की वजह से बेन स्टोक्स का नाम हमेशा इंग्लैंड के महान क्रिकेटरों में लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- अपने गिरेबान में झांको... कराची ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान ने उगला जहर, तो भारत ने लगाई लताड़