Air India Express: लखनऊ एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India Express की फ्लाइट में धुएं का संकेत मिला. सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया. फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और क्रू को विमान से बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि शुरुआती जांच में विमान के अंदर कहीं भी वास्तविक धुआं नजर नहीं आया और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं.
वाराणसी से दिल्ली जा रही थी फ्लाइट
Air India Express की फ्लाइट IX 1253 वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. उड़ान के दौरान विमान के पिछले कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत मिलने के बाद चालक दल ने स्थिति को गंभीरता से लिया और एहतियात के तौर पर विमान को लखनऊ डायवर्ट किया.
सुबह 8:52 बजे लखनऊ में हुई लैंडिंग
धुएं के संकेत के बाद फ्लाइट ने सुबह 8 बजकर 52 मिनट पर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. विमान के उतरते ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई और विमान का मौके पर निरीक्षण किया गया.
जांच में नहीं मिला कोई धुआं
लैंडिंग के बाद इमरजेंसी टीम ने विमान का विजुअल इंस्पेक्शन किया. जांच के दौरान विमान के पिछले हिस्से या अन्य किसी स्थान पर धुआं दिखाई नहीं दिया. इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया और आगे की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई.
155 यात्री और क्रू थे सवार
फ्लाइट में कुल 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया सुबह 9 बजकर 2 मिनट पर शुरू हुई. सभी यात्रियों और क्रू के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है.
एहतियात के तौर पर लिया गया फैसला
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान में धुएं का संकेत मिलने के बाद किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए लखनऊ में एहतियाती लैंडिंग कराई गई. फिलहाल मौके पर किए गए निरीक्षण में वास्तविक धुआं नहीं मिला है. विमान में धुएं का संकेत क्यों मिला, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- Ram Mandir CEO: Operation Sindoor के नायक बने राम मंदिर के पहले CEO! जानिए कौन हैं जितेंद्र मिश्रा!