AIIMS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (CRE)-5 के तहत ग्रुप-बी और ग्रुप-सी के विभिन्न पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के जरिए देशभर के कई AIIMS संस्थानों और स्वास्थ्य संगठनों में कुल 1484 रिक्त पदों को भरा जाएगा. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
देशभर के संस्थानों में मिलेगी नौकरी का अवसर
AIIMS CRE-5 भर्ती अभियान स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है. भर्ती के तहत प्रशासनिक, तकनीकी, प्रयोगशाला, क्लेरिकल, नर्सिंग सहायता और अन्य कई विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी. अलग-अलग पदों के लिए योग्यता और अनुभव की शर्तें भी अलग निर्धारित की गई हैं, इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित पद की पात्रता को ध्यान से समझना होगा.
30 जून तक भर सकते हैं आवेदन
भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा या संबंधित पद के अनुसार निर्धारित अन्य शैक्षणिक योग्यता होना अनिवार्य है. चूंकि सभी पदों की पात्रता शर्तें अलग-अलग हैं, इसलिए विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन करना जरूरी है.
आयु सीमा में मिलेगा आरक्षण का लाभ
AIIMS CRE-5 भर्ती के विभिन्न पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष, 30 वर्ष और 35 वर्ष निर्धारित की गई है. पद के अनुसार आयु सीमा में बदलाव हो सकता है. वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को पांच वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को तीन वर्ष तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को दस वर्ष तक की छूट का लाभ मिलेगा.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार शुल्क का भुगतान करना होगा. सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 3,000 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 2,400 रुपये शुल्क देना होगा. दिव्यांग उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट प्रदान की गई है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा.
परीक्षा पैटर्न को समझना जरूरी
चयन प्रक्रिया के पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी. परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रश्न सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर ज्ञान और संबंधित विषय से जुड़े होंगे. उम्मीदवारों को बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी विषयों की संतुलित तैयारी करनी होगी.
जुलाई में आयोजित होगी परीक्षा
AIIMS द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भर्ती परीक्षा का आयोजन 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 के बीच किया जाएगा. परीक्षा की सटीक तिथि, एडमिट कार्ड जारी होने की जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे. उम्मीदवारों को नियमित रूप से वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
आवेदन प्रक्रिया कैसे पूरी करें?
उम्मीदवारों को सबसे पहले AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करना होगा. इसके बाद आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारियां भरनी होंगी. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित शुल्क का भुगतान कर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करना बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े.
ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी का शानदार मौका! ओडिशा में नर्सिंग ऑफिसर के बंपर पदों पर भर्ती, जानिए योग्यता और सैलरी