Agra Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सामने आए एक कथित हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. सिकंदरा थाना क्षेत्र में लापता व्यक्ति की तलाश कर रही पुलिस को उस समय बड़ा खुलासा मिला, जब घर के बाथरूम का फर्श तोड़ने पर उसके नीचे से मानव कंकाल बरामद हुआ. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी रूबी ने हत्या और शव को ठिकाने लगाने से जुड़ा घटनाक्रम बताया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी के सभी दावों की फोरेंसिक और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि की जा रही है.
लापता होने के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे. वह आगरा की रेणुका धाम कॉलोनी में अपनी पत्नी, मां और दो बेटियों के साथ रहते थे. बताया गया कि 18 मई 2026 से उनके लापता होने के बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. कई दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर 26 मई को उनके बड़े भाई अनिल शर्मा ने सिकंदरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
पूछताछ में पत्नी ने क्या बताया?
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी रूबी ने दावा किया कि उसने कथित तौर पर पहले पति को खीर में बड़ी संख्या में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं. जब वह अचेत हो गए तो उनकी हत्या कर दी.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि अगले दिन उसने अकेले ही शव को घर के बाथरूम तक पहुंचाया, जहां पहले से तैयार गड्ढे में उसे दफना दिया. इसके बाद मिट्टी डालकर जमीन समतल कर दी गई, ताकि किसी को शक न हो.
बाथरूम का फर्श बन गया राज छिपाने का जरिया
जांच अधिकारियों के मुताबिक, शव को दफनाने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर एक मिस्त्री को बुलाकर बाथरूम का फर्श ऊंचा कराने का बहाना बनाया. इसके बाद पूरे हिस्से पर सीमेंट का प्लास्टर करवा दिया गया, जिससे नीचे दफन शव का किसी को अंदाजा नहीं हो सके. कई सप्ताह तक परिवार के सदस्य और अन्य लोग उसी बाथरूम का इस्तेमाल करते रहे, लेकिन किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि फर्श के नीचे शव दबा हुआ है.
लगातार बदलती रही बयानबाजी
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान रूबी लगातार अलग-अलग बातें बताती रही. उसने दावा किया कि सुरेंद्र घर से नाराज होकर कुछ रुपये लेकर चले गए हैं और जल्द वापस लौट आएंगे. जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखती रही और पति के लापता होने पर दुख जताती रही. अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दिए गए उसके अलग-अलग बयानों ने भी संदेह को और गहरा किया.
भाई के सवालों के बाद हुआ बड़ा खुलासा
मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा के अनुसार, उन्हें लगातार आरोपी की बातों पर संदेह हो रहा था. उन्होंने रूबी से साफ-साफ सच बताने को कहा और भरोसा दिलाया कि यदि कोई परेशानी है तो वह उसका साथ देंगे.
पुलिस के मुताबिक, इसी बातचीत के दौरान रूबी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम के नीचे दबा हुआ है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई करवाई. फर्श के नीचे से मानव अवशेष बरामद हुए, जिन्हें पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया.
वैज्ञानिक जांच से होगी मौत के कारणों की पुष्टि
पुलिस का कहना है कि बरामद शव काफी हद तक गल चुका था, इसलिए मौत के सटीक कारणों की पुष्टि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. जांच एजेंसियां घटनास्थल से जुटाए गए सभी भौतिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं, ताकि आरोपी के कथित बयान और उपलब्ध सबूतों का मिलान किया जा सके.
घरेलू विवाद का भी किया दावा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी दावा किया कि उसका पति शराब का सेवन करता था, उसके साथ मारपीट करता था और कोई स्थायी काम नहीं करता था. उसने यह भी कहा कि परिवार का खर्च उसकी सास की सरकारी पेंशन से चलता था. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी द्वारा लगाए गए इन आरोपों की भी स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है और फिलहाल इन्हें सत्यापित नहीं माना जा सकता.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में दिल दहलाने वाली वारदात; पत्नी का सिर बैटरी से कुचला, मौत के बाद पति ने खाया जहर