काबुल: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव तेजी से बढ़ता दिख रहा है. गुरुवार देर रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई इलाकों में हवाई हमले किए, जिनमें चार लोगों की मौत की खबर है. इन हमलों के बाद अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी और कुछ ही घंटों में ड्रोन से पलटवार कर दिया.
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान की ओर से पाकिस्तान के कोहाट स्थित एक अहम सैन्य किले को ड्रोन हमलों से निशाना बनाया गया. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में की गई बमबारी के जवाब में की गई. कोहाट का यह सैन्य ठिकाना पाकिस्तान के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. यहीं से पराचिनार, सड्डा, खैबर और कुर्रम एजेंसी जैसे इलाकों में सैन्य अभियान और रसद की व्यवस्था की जाती है.
ड्रोन हमले में क्या-क्या बना निशाना
रिपोर्ट के अनुसार ड्रोन हमले में किले के अंदर मौजूद सैन्य आवास, हथियारों के भंडार और गोला-बारूद के स्टोर को निशाना बनाया गया. इसके अलावा युद्ध संचालन केंद्र और किले के कमांडर के दफ्तर को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. बताया गया कि किले से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित कमांड सेंटर को भी सटीक तरीके से निशाना बनाया गया.
Security sources told TOLOnews that the Islamic Emirate, in response to last night’s attacks by Pakistan’s military regime on Afghanistan, targeted the Kohat military fortress with drone strikes.
— TOLOnews English (@TOLONewsEnglish) March 13, 2026
According to the sources, the fortress had been used to provide military logistics… pic.twitter.com/oMfc9wX8OO
सुरक्षा सूत्रों का यह भी दावा है कि पेशावर में पाकिस्तानी पुलिस केंद्रों को भी ड्रोन से निशाना बनाया गया. हालांकि इन हमलों में कितने लोग घायल हुए या मारे गए, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान, दोनों ही देशों की सरकारों ने फिलहाल इन घटनाओं पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
पहले पाकिस्तान ने की थी एयरस्ट्राइक
दरअसल इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत पाकिस्तान की ओर से हुई कार्रवाई से हुई. पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के कई इलाकों में हवाई हमले किए थे. पाकिस्तानी खुफिया सूत्रों का कहना है कि इन हमलों का निशाना आतंकवादी ठिकाने थे.
पाकिस्तान का दावा है कि हमलों में अफगान तालिबान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया. रिपोर्टों के मुताबिक पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कंधार हवाई अड्डे, पक्तिया प्रांत के कुछ सैन्य ठिकानों और राजधानी काबुल के आसपास के इलाकों पर भी हमले किए.
ये भी पढ़ें- ईरान जंग के बीच सरकार का बड़ा कदम, होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत आएंगे 8 LPG टैंकर! नहीं होगी गैस की कमी