PAK सेना का हुआ वो हाल, 15 मिनट में ही करना पड़ा सरेंडर, हथियार भी छीन ले गए अफगानी; देखें VIDEO

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच स्थित स्पिन बोल्डक क्षेत्र एक बार फिर भीषण संघर्ष की चपेट में आ गया है. मंगलवार तड़के लगभग 4 बजे इस सीमावर्ती इलाके में अफगान तालिबान और पाकिस्तानी सैनिक आमने-सामने आ गए.

Afghanistan and pakistan clash in boldak border pakistan forces surrender
Image Source: Social Media

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच स्थित स्पिन बोल्डक क्षेत्र एक बार फिर भीषण संघर्ष की चपेट में आ गया है. मंगलवार तड़के लगभग 4 बजे इस सीमावर्ती इलाके में अफगान तालिबान और पाकिस्तानी सैनिक आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच हुई मुठभेड़ इतनी तीव्र थी कि इलाके में हल्के से लेकर भारी हथियारों तक का इस्तेमाल किया गया.

स्पिन बोल्डक जिला कंधार प्रांत में स्थित है और यह अफगानिस्तान को पाकिस्तान के चमन और क्वेटा शहरों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. इसी रास्ते पर स्थित बॉर्डर क्रॉसिंग पर लड़ाई की शुरुआत हुई. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा गया कि सीमा पर दोनों सेनाओं के बीच नजदीकी भिडंत हो रही है.

तालिबान का दावा, 15 मिनट में पाक सैनिकों ने किया आत्मसमर्पण

तालिबान की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि झड़प शुरू होने के महज 15 मिनट के भीतर पाकिस्तानी सैनिकों को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर कर दिया गया. वीडियो फुटेज में यह भी देखा गया कि अफगान लड़ाकों ने पाकिस्तानियों से भारी मात्रा में हथियार जब्त कर लिए हैं. कंधार स्थित स्पिन बोल्डक जिले के सूचना प्रमुख अली मोहम्मद हकमल ने टोलो न्यूज़ से बात करते हुए बताया कि झड़प के दौरान दोनों ओर से हल्के और भारी हथियारों का व्यापक उपयोग हो रहा है.

तोपों की गड़गड़ाहट के बीच आम लोग बन रहे निशाना

संघर्ष में आम नागरिक भी प्रभावित हो रहे हैं. स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई तोपखाने की गोलाबारी से सीमावर्ती इलाकों में कई घर ध्वस्त हो गए हैं. इससे कई स्थानीय परिवारों को जान बचाने के लिए घर छोड़कर भागना पड़ा है.

कथित तौर पर पाक चौकियों पर अफगान बलों का कब्ज़ा

सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ यूज़र्स और पत्रकारों ने दावा किया है कि अफगान सैनिकों ने डूरंड रेखा पर स्थित पाकिस्तानी चौकियों पर नियंत्रण कर लिया है. बताया जा रहा है कि इस दौरान दर्जनों पाक सैनिकों को ज़िंदा पकड़ लिया गया है और उनके हथियारों के साथ टैंक तक जब्त कर लिए गए हैं, जिन्हें बाद में अफगान सीमा के भीतर पहुंचाया गया.

अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं

अफगानिस्तान की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल से जुड़े कबीर हकमाल ने भी स्पिन बोल्डक में जारी झड़पों की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि इलाके में भारी गोलीबारी हुई है और कई घरों को नुकसान पहुंचा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना डूरंड रेखा के निकट स्थित इलाकों को हवाई हमलों और भारी हथियारों से निशाना बना रही है. हालांकि, अब तक न तो पाकिस्तान और न ही अफगान तालिबान की ओर से इस घटना को लेकर कोई औपचारिक प्रेस बयान जारी किया गया है. इस बीच, 'AFGEYE' नामक एक क्षेत्रीय समाचार एजेंसी ने भी पुष्टि की है कि मंगलवार तड़के स्पिन बोल्डक गेट पर अफगान सुरक्षाबलों और पाकिस्तान के बीच जबरदस्त झड़प हुई, जिसमें पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुए हैं.

यह भी पढ़ें: मिस्त्र क्यों नहीं पहुंचे इजराइली पीएम नेतन्याहू? एर्दोगन क्यों बोले- मेरा विमान लैंड नहीं करेगा