Aamir Khan-Gauri Spratt Wedding: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. खबर है कि वह 5 जुलाई को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. इसी बीच उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री सोमी अली का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने आमिर और गौरी को शुभकामनाएं देते हुए प्यार और रिश्तों को लेकर दिल छू लेने वाली बात कही है.
सोमी अली ने कपल को दी बधाई
सोमी अली ने इंस्टाग्राम पर आमिर खान और गौरी स्प्रैट की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि प्यार की कोई तय उम्र नहीं होती. उनके मुताबिक, जीवनसाथी अगर कम उम्र में मिले या फिर जिंदगी के लंबे सफर के बाद, दोनों ही स्थितियां समान रूप से खूबसूरत होती हैं. उन्होंने कहा कि इंसान को अपनी खुशी चुनने में कभी देर नहीं करनी चाहिए और सच्चे रिश्तों का सम्मान होना चाहिए.
'प्यार की कीमत उम्र से नहीं'- सोमी
अपने पोस्ट में सोमी ने लिखा कि प्यार करने वाले दिल को जज करने के बजाय उसका जश्न मनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि उम्र केवल बीतते वर्षों का हिसाब है, जबकि प्यार उन यादगार लम्हों से मापा जाता है जो दो लोग साथ मिलकर बनाते हैं. उन्होंने आमिर और गौरी को नई जिंदगी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर किसी को अपनी जिंदगी में सही साथी नहीं मिल पाता. अगर किसी को लंबे इंतजार के बाद अपना हमसफर मिलता है और वह रिश्ता शादी तक पहुंचता है, तो यही उसके लिए सही समय होता है.
उम्र को लेकर सवाल उठाने वालों को दिया जवाब
सोमी अली ने अपने संदेश में उन लोगों पर भी निशाना साधा जो उम्र के आधार पर रिश्तों पर सवाल उठाते हैं. उन्होंने लिखा कि एक दिन सभी को यह समझ आएगा कि खुश रहने की कोई उम्र तय नहीं होती. उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ना जीवन का हिस्सा है, लेकिन किसी ऐसे इंसान का साथ मिलना, जिसके साथ पूरी जिंदगी बिताई जा सके, सबसे बड़ी उपलब्धि है. उनके अनुसार शादी की सही उम्र नहीं, बल्कि सही जीवनसाथी ज्यादा मायने रखता है.
आमिर खान ने खुद की शादी की पुष्टि
हाल ही में फिल्म 'प्रीतम एंड पेड्रो' की स्क्रीनिंग के दौरान आमिर खान ने भी अपनी शादी को लेकर खुलकर बात की थी. उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को उनका विवाह बेहद सादगी से उनके घर पर होगा. आमिर ने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास है. समारोह में सिर्फ परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे. उन्होंने सभी से आशीर्वाद देने की अपील करते हुए कहा कि उनकी यही कामना है कि उनका वैवाहिक जीवन हमेशा खुशियों से भरा रहे.
नई शुरुआत का इंतजार
आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी को लेकर फैंस में काफी उत्साह है. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के साथ नजर आ रहे थे और अब उनके रिश्ते को नया नाम मिलने जा रहा है. ऐसे में 5 जुलाई का दिन इस कपल और उनके चाहने वालों के लिए बेहद खास माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- आलिया भट्ट की 'Alpha' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 2 दिन में तोड़ दिए ओपनिंग वीकेंड के 10 रिकॉर्ड्स