सिर्फ एक OTP... और मिनटों में बुजुर्ग के खाते से उड़ गए ₹2.49 लाख, जानिए क्या होता डिलीवरी स्कैम

Cyber Fraud: हैदराबाद के बंजारा हिल्स इलाके में एक 59 साल के व्यक्ति के साथ ऐसा साइबर फ्रॉड हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया. एक साधारण सा डिलीवरी मैसेज और एक OTP के जरिए उस व्यक्ति के खाते से 2.49 लाख रुपये गायब हो गए.

A single OTP and Hyderabad man 2.49 lakh rupees were lost delivery scam
Image Source: Freepik

Cyber Fraud: हैदराबाद के बंजारा हिल्स इलाके में एक 59 साल के व्यक्ति के साथ ऐसा साइबर फ्रॉड हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया. एक साधारण सा डिलीवरी मैसेज और एक OTP के जरिए उस व्यक्ति के खाते से 2.49 लाख रुपये गायब हो गए. यह घटना दिखाती है कि कैसे साइबर ठग लोगों को छोटी-सी रकम के बहाने बड़ी ठगी का शिकार बना रहे हैं. इस मामले ने यह साबित कर दिया कि साइबर फ्रॉड्स कितने चतुर और धोखेबाज हो सकते हैं, और हमें किस तरह की सावधानियां बरतने की जरूरत है.

डिलीवरी का इंतजार और एक धोखाधड़ी के मैसेज

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पिछले दो दिनों से DHL के पार्सल का इंतजार कर रहे थे और डिलीवरी के बारे में फॉलोअप कर रहे थे. 2 दिसंबर की सुबह करीब 11:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से एक मैसेज आया. मैसेज में लिखा था कि डिलीवरी की दो कोशिशें असफल हो चुकी हैं और अब 25 रुपये का शुल्क देना होगा, साथ ही एक लिंक भी भेजा गया था.

मैसेज पर विश्वास और धोखा मिलने का रास्ता खुलना

पार्सल का इंतजार कर रहे व्यक्ति को यह मैसेज पूरी तरह से असली लगा. बिना किसी शक के उन्होंने लिंक पर क्लिक किया. इसके बाद वह एक वेबसाइट पर पहुंचे, जो देखने में बिल्कुल वैध और भरोसेमंद लग रही थी. यहां उनसे क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी गई. थोड़ी देर बाद उनके फोन पर एक OTP आया, जिसे उन्होंने डिलीवरी के भुगतान से संबंधित समझा और दर्ज कर दिया.

OTP डालते ही खाली हो गए बैंक खाते के पैसे

जैसे ही उन्होंने OTP डाला, उनके क्रेडिट कार्ड से 2.49 लाख रुपये की बड़ी रकम कट गई. उन्हें तुरंत समझ में आ गया कि कुछ गलत हो गया है. वे तुरंत अपने बैंक से संपर्क करते हैं और फिर हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हैं.

डिलीवरी OTP स्कैम का तरीका

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह OTP आधारित डिलीवरी स्कैम का एक क्लासिक उदाहरण है. ठग उन लोगों को निशाना बनाते हैं जो पहले से किसी पार्सल का इंतजार कर रहे होते हैं. वे बहुत छोटी रकम, जैसे 20 या 25 रुपये की मांग करके शंका को कम कर देते हैं. जैसे ही पीड़ित अपने कार्ड की जानकारी और OTP शेयर करता है, ठग बड़ी रकम की ट्रांजैक्शन को मंजूरी दे देते हैं.

साइबर ठगी से बचने के लिए जरूरी सुरक्षा टिप्स

हैदराबाद पुलिस ने लोगों को सावधान किया है कि किसी भी अनजान SMS या WhatsApp मैसेज पर विश्वास न करें, जो डिलीवरी की असफलता या फिर दोबारा डिलीवरी के नाम पर पैसे मांगते हैं. पुलिस ने यह भी कहा कि प्रमुख कुरियर कंपनियां कभी भी अनजान लिंक के जरिए पैसे नहीं मांगतीं.

सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, और किसी भी असामान्य वेबसाइट पर क्रेडिट या डेबिट कार्ड की जानकारी न डालें. साथ ही, OTP, CVV और PIN कभी भी किसी के साथ साझा न करें. यदि धोखाधड़ी का संदेह हो तो तुरंत अपने बैंक और साइबर क्राइम हेल्पलाइन से संपर्क करें. समय पर कार्रवाई से कई बार ट्रांजैक्शन को रोका या वापस कराया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: क्या होती है जियोटैगिंग, कैसे होता है इसका इस्तेमाल? फायदे से लेकर नुकसान तक... यहां जानें सबकुछ