क्या होती है जियोटैगिंग, कैसे होता है इसका इस्तेमाल? फायदे से लेकर नुकसान तक... यहां जानें सबकुछ

अगर आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं, तो जियोटैगिंग से आप जरूर परिचित होंगे. यह एक ऐसी तकनीक है, जो किसी स्थान विशेष की जानकारी को डिजिटल कंटेंट के साथ जोड़ देती है.

what is geotagging use application TECH NEWS in hindi
Image Source: Social Media

अगर आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं, तो जियोटैगिंग से आप जरूर परिचित होंगे. यह एक ऐसी तकनीक है, जो किसी स्थान विशेष की जानकारी को डिजिटल कंटेंट के साथ जोड़ देती है. चाहे वह फोटो हो, वीडियो या अन्य कोई मीडिया फाइल, जियोटैगिंग उस स्थान का सटीक पता बताती है, जहां वह सामग्री बनाई गई है. हाल ही में, सरकार ने घोषणा की है कि जनगणना में भी जियोटैगिंग का इस्तेमाल किया जाएगा. आइए जानते हैं, जियोटैगिंग क्या है और इसे कहां-कहां इस्तेमाल किया जा सकता है.

जियोटैगिंग: तकनीकी दृष्टिकोण से समझें

जियोटैगिंग एक प्रक्रिया है, जिसमें किसी डिजिटल कंटेंट—जैसे फोटो, वीडियो, या मीडिया फाइल—के साथ उस स्थान का लोकेशन डेटा जोड़ा जाता है. उदाहरण के तौर पर, जब आप अपने स्मार्टफोन से कोई फोटो क्लिक करते हैं और GPS को इनेबल करते हैं, तो वह फोटो उस स्थान की जानकारी (जैसे कि लेटिट्यूड, लॉन्गिट्यूड, और एल्टीट्यूड) के साथ सुरक्षित हो जाती है. यह जानकारी फाइल के मेटाडेटा में स्टोर होती है और यह आपको मैप पर उस स्थान को पिन प्वाइंट करने में मदद करती है. इसके अलावा, जियोटैगिंग में उस स्थान का नाम भी सेव हो सकता है.

कहां-कहां है इसका इस्तेमाल?

जियोटैगिंग के कई उपयोग हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में काम आते हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर्स जियोटैगिंग का उपयोग किसी विशेष स्थान—जैसे कि एक कैफे, रेस्टोरेंट, या प्रसिद्ध स्थल—को हाइलाइट करने के लिए करते हैं. फोटोग्राफी में यह यात्रा के दौरान ली गई तस्वीरों को उस विशेष स्थान से जोड़ने का एक तरीका है. इसके अलावा, मार्केटिंग और विज्ञापन में भी इसका प्रयोग बढ़ रहा है. कंपनियां अपने टारगेट ऑडियंस तक पहुंचने के लिए लोकेशन-आधारित विज्ञापन अभियान चला सकती हैं.

जियोटैगिंग का उपयोग कई अन्य क्षेत्रों में भी किया जाता है, जैसे:

अर्बन प्लानिंग: शहरों के विकास के लिए महत्वपूर्ण डेटा इकट्ठा करने में.

इमरजेंसी रिस्पांस: दुर्घटनाओं या आपदाओं के दौरान सही स्थान पर पहुंचने के लिए.

एनवायरनमेंटल मॉनिटरिंग: पर्यावरणीय बदलावों को ट्रैक करने के लिए.

नेविगेशन और शेयरिंग: बेहतर मार्गदर्शन और लोकेशन शेयर करने के लिए.

सिक्योरिटी और इंटेलिजेंस: सुरक्षा उद्देश्यों के लिए जियोटैगिंग का उपयोग किया जाता है.

जियोटैगिंग के खतरे

जहां जियोटैगिंग के कई फायदे हैं, वहीं इसके कुछ नुकसान भी हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. सबसे बड़ा खतरा यह है कि इससे किसी व्यक्ति के मूवमेंट्स का ट्रैक रखा जा सकता है. यानी यह पता लगाया जा सकता है कि कोई व्यक्ति कहां-कहां गया. इस जानकारी का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है, जैसे कि किसी को टारगेट करना या निगरानी रखना. इसके अलावा, कई कंपनियां इस लोकेशन डेटा का इस्तेमाल पर्सनलाइज्ड विज्ञापन दिखाने के लिए करती हैं, जो आपकी प्राइवेसी के लिए खतरा हो सकता है. इसलिए, जब भी आप जियोटैगिंग वाली तस्वीरें या अन्य फाइलें शेयर करें, तो हमेशा सावधानी बरतें. सुनिश्चित करें कि आप अपनी लोकेशन जानकारी केवल उन्हीं के साथ शेयर कर रहे हैं, जिन्हें आप भरोसा करते हैं.

ये भी पढ़ें: आपके WhatsApp अकाउंट पर हैकर्स की नज़रें, सेफ रखने के लिए फॉलो करें ये दमदार टिप्स