Sana airport Saudi Arabia Attacked: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब यमन में भी हालात फिर बिगड़ते नजर आ रहे हैं. हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर राजधानी सना के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कई हवाई हमले करने का आरोप लगाया है.
हूती संगठन का कहना है कि इन हमलों के बाद तनाव कम करने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है. हालांकि, यमन सरकार ने इस मामले को लेकर अलग दावा किया है.
हूती बोले- सना एयरपोर्ट पर किए गए हवाई हमले
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने आरोप लगाया कि सऊदी अरब की वायुसेना ने सना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को निशाना बनाकर कई हवाई हमले किए. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के लिए सऊदी अरब जिम्मेदार है और इसका जवाब दिया जाएगा. हूती संगठन ने चेतावनी दी कि इस हमले को बिना जवाब के नहीं छोड़ा जाएगा.
The moment Saudi airstrikes hit Sana’a International Airport. pic.twitter.com/syYhcpz7SK
— Ariel Oseran أريئل أوسيران (@ariel_oseran) July 13, 2026
यमन सरकार ने बताई हमले की दूसरी वजह
वहीं, यमन सरकार का कहना है कि एयरपोर्ट पर कार्रवाई ईरान के एक विमान को उतरने से रोकने के लिए की गई. सरकार के मुताबिक, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने यमन के एक राष्ट्रीय विमान को सना एयरपोर्ट पर उतरने नहीं दिया और ईरानी विमान को वहां लाने की कोशिश की. इसी वजह से एयरपोर्ट के रनवे को निशाना बनाया गया.
सना पर हूती विद्रोहियों का कब्जा
यमन की राजधानी सना इस समय ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के नियंत्रण में है. दूसरी ओर, सऊदी अरब और खाड़ी देशों के समर्थन वाली सरकार अदन से काम करती है. घटना से पहले रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों, एयरपोर्ट कर्मचारियों, राजनयिक मिशनों और राहत एजेंसियों को एयरपोर्ट और उसके आसपास का इलाका खाली करने की चेतावनी भी दी थी.
हूती ने बदला लेने की दी चेतावनी
हूती संगठन ने कहा कि वह इस हमले का जवाब देगा. याह्या सरी का दावा है कि सऊदी विमानों ने यमन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया और एक ईरानी विमान को रोकने की कोशिश की. उन्होंने यह भी कहा कि उस विमान में 200 से ज्यादा घायल, बीमार और फंसे हुए यमनी नागरिक सवार थे.
फिर बढ़ सकता है संघर्ष
पिछले कुछ वर्षों में यमन में संघर्ष पहले के मुकाबले कुछ कम हुआ था. लेकिन इस नई घटना के बाद एक बार फिर हालात बिगड़ने की आशंका बढ़ गई है. अगर दोनों पक्षों के बीच जवाबी कार्रवाई जारी रहती है तो यमन में फिर बड़े संघर्ष की शुरुआत हो सकती है.
एयरपोर्ट बंद, लोगों की मुश्किलें बढ़ीं
हमलों के बाद सना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. पहले से ही सीमित उड़ानों वाले इस एयरपोर्ट के बंद होने से राहत सामग्री, दवाइयों और जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. यमन पहले से ही गंभीर मानवीय संकट का सामना कर रहा है और लाखों लोग भोजन, दवा और दूसरी जरूरी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन दोषी करार, कड़कड़डूमा कोर्ट का बड़ा फैसला