80th Independence Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देश को सिर्फ स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं नहीं दीं, बल्कि भारत के अगले दशक की दिशा और प्राथमिकताओं का भी स्पष्ट संकेत दिया. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज का भारत छोटे सपनों के सहारे आगे बढ़ने वाला देश नहीं है. बड़े सपने ही हमारी सोच को विस्तार देते हैं और मजबूत संकल्प ही उन्हें हकीकत में बदलने की ताकत रखते हैं. इस दौरान लाल किले पर पहली बार वंदे मातरम का गायन भी हुआ, जिसने स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऐतिहासिक बना दिया. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कोरोना महामारी और रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान पैदा हुए वैश्विक संकटों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में कई लोगों ने भारत को लेकर भय का माहौल बनाने की कोशिश की. डीजल, गैस, खाद और वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर देश को डराया गया, लेकिन भारत ने चुनौतियों के सामने घुटने टेकने के बजाय अपनी क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत किया.
प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें
दुनिया हमारे सामर्थ्य को पहचानने लगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा 'आज भारत के पास पॉलिटिकल मेंडेट है, देश में स्थिर सरकार है, भारत का संविधान है. मजबूत न्याय तंत्र है. इसलिए अब दुनिया हमारे सामर्थ्य को पहचानने लगी है. भारत के उत्पाद दुनिया के हर बाजार में पहुंच रहे हैं. दवाइयां,टेक्सटाइल, मशीन सबकुछ दुनिया में पहुंच रहा है.
महिलाओं को मिले 33 प्रतिशत आरक्षण
महिला आरक्षण को लेकर भी पीएम मोदी ने कहा 'लोकसभा और विधानसभा में हमारी माताओं-बहनों को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिले. वे भी लगातार भारत की नीति में अपना योगदान दें. यही समय की मांग है. इसलिए मैं सभी मैं सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं, आप लोग महिलाओं के आरक्षण को लागू करवाए, महिलाओं के सम्मान में आप भी जुड़िए और क्रेडिट लीजिए. लेकिन देश की माताओं और बहनों को उनका हक दीजिए.
1 करोड़ युवाओं को मिलेगी AI ट्रेनिंग
पीएम मोदी ने 15 अगस्त पर देश के युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की है. उन्होंने देश के 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग देने का ऐलान किया है. पीएम मोदी ने कहा 'सप्तधारा की तीसरी शक्ति है टेक्नोलॉजी और इनोवेशन. जमाना डेटा सेंटर, एआई का है. हमें भारत को इनोवशन का हब बनना है. इसलिए भारत के 1 करोड़ युवाओं को ट्रैनिंग दिलाई जाएगी.'
'देश नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है'
पीएम मोदी ने नक्सलवाद को लेकर कहा कि इस समस्या का खात्मा देश से हुआ है. हालांकि उन्होंने कहा कि 'हम जंगलों में हथियारबंद नक्सलियों को खत्म करने और देश को उस संकट से मुक्त कराने में सफल रहे हैं. हथियारबंद नक्सली तो चले गए, लेकिन 'दिमागी नक्सली' अभी भी मौजूद हैं. इनसे हमें युवाओं को बचाना होगा.' बता दें कि देश में नक्सलवाद बड़ी समस्या थी. सरकार ने 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद की डेडलाइन तय की थी. जिसके बाद देश में नक्सलवाद मुक्त घोषित किया गया था.
'1.75 करोड़ घरों में पहुंच रही गैस'
पीएम मोदी ने कहा 'एनर्जी सिक्योरिटी को लेकर हमें वैकल्पिक स्रोतों की ओर भी पूरी शक्ति लगाना बहुत जरूरी है. इसलिए ऊर्जा का सही इस्तेमाल बढ़ाते हुए भारत इसी दिशा में आज तेजी से काम कर रहा है. 2014 से पहले मतलब आज से 12 साल पहले, हमारे देश में केवल 70 शहरों में पाइप से गैस की व्यवस्था थी. 12 साल में इन 70 शहरों को हमने 700 शहरों तक पहुंचा दिया है, ये होती है रफ्तार. 2014 के पहले मुश्किल से 20-22 लाख घरों में पाइप से गैस पहुंचती थी. आज 1.75 करोड़ घरों में पाइप से गैस पहुंचाने का काम होता है.'
'हमें आत्मनिर्भर बनना चाहिए'
पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत पर भी फोकस रखा. उन्होंने कहा 'बीते सालों में हमारा दृढ़ विश्वास रहा है कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर रह कर नहीं जीना है, बल्कि हमें आत्मनिर्भर बनना चाहिए. दुनिया में बहुत कुछ मिलता है, सस्ता मिलता है, जल्दी मिलता है, लेकिन उससे हमारा सामर्थ्य तैयार नहीं होता. इसलिए हमें भी अपनी क्षमताओं को बढ़ाना है. अपने हितों की सुरक्षा हमें खुद करनी है इसलिए आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं. हमें इसी दिशा में आगे बढ़ना है.'
'2047 हम विकसित भारत बनाकर रहेंगे'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा 'आज भारत ने भी एक बहुत बड़ा सपना देखा है, दृढ़ संकल्प के साथ देखा है. नई ऊंचाइयों को छूने के लिए देखा है. वो सपना है जब आजादी के 100 साल होंगे, 2047 में हम विकसित भारत बनाकर रहेंगे. 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ से इस लक्ष्य को हमें हासिल करना है. दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश विकसित होने का संकल्प लेता है तो ये दुनिया की नजरों में भी हमारे साहस का परिचायक बन जाता है. दुनिया हमारी तरफ देखने का नजरिया बदलने को मजबूर हो जाती है.'
'भारत बिजली से कमाई कर रहा'
प्रधानमंत्री ने बिजली और रेलवे का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा 2014 से पहले तक देश में सोलर एनर्जी की कैपेसिटी सिर्फ गीगावॉट ही थी, लेकिन आज यह बढ़कर 160 गीगावॉट हो चुकी है. देश में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली शुरू हुई थी, जिसका असर दिख रहा है. 50 लाख घरों में बिजली सोलर एनर्जी से पहुंच रही है, जिससे हजारो घरों में बिजली का बिल जीरो हो गया है. लोग बिजली बेचकर कमाई कर रहे हैं. वहीं रेलवे भी भारत ने तेजी से काम किया है. 70 प्रतिशत रेलवे का इलेक्ट्रिफिकेशन हो चुका है. ऐसे में बिजली से जब ट्रेनें चल रही है तो देश के पर्यावरण को फायदा हो रहा है. देश में पहली हाइड्रोजन ट्रेन भी चल चुकी है.'
दुनिया के टॉप-5 बैंकों में हमारा बैंक होना चाहिए
पीएम मोदी ने कहा 'कुछ चीजें मैंने बताई है लेकिन मैं इससे भी आगे सोचता हूं. मैं देश की शक्ति को भी झकझोरना चाहता हूं. देश यानी केवल सरकार नहीं होती है, देश का मतलब हर नागरिक जुड़ता है. क्या हम सोच नहीं सकते कि फॉर्च्यून 500 की चर्चा तो हम बहुत सुनते हैं, आने वाले 1 दशक में इन फॉर्च्यून 500 में 50 कंपनियां भारत की क्यों न हों, ये लक्ष्य हमारा क्यों न होना चाहिए. भारत का भी एक बैंक टॉप 5 बैंकों में भी होना चाहिए. समय की मांग है कि दुनिया की 5 बड़ी फार्मा कंपनियों में भारत की भी 1-2 फार्मा कंपनियों का नाम गूंजना चाहिए. क्या समय की मांग नहीं है कि ग्लोबल लीडरशिप अब हमारे हाथ में होनी चाहिए? सामर्थ्य है, हमारा लंबा इतिहास भी है, भाषाओं पर हमारा प्रभुत्व है, हमें विश्व में पहुंचना चाहिए. हमारे ऐसे ब्रांड हों, जिससे दुनिया आकर्षित होती है. हमारे ब्रांड हमारी पहचान हो और विश्व के लिए एक डेस्टिनेशन बन जाए, हमें इसके लिए काम करना होगा.'
2036 के ओलंपिक के लिए मिशन शुरू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को लेकर कहा कि हमें इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ना है. उन्होंने 2036 के ओलंपिक खेलों को लेकर बड़ी बात कही. पीएम मोदी ने कहा 'भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी का मजबूत दावेदार है. भारत में 'टैलेंट हंट' प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा. खेलों की व्यापक उपस्थिति बढ़ाने और उन स्पर्धाओं में भी क्वालीफाई करने के लिए गांव-गांव और स्कूल-स्कूल 5 से 15 वर्ष के बच्चों को भी मौका दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: मैन्युफैक्चरिंग से AI और ग्रीन एनर्जी तक... PM मोदी ने किया 'शक्ति की सप्तधारा' का ऐलान, जानें पूरा प्लान