नेपाल के रास्ते बिहार में घुसे जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया हाई अलर्ट

देश की सुरक्षा एक बार फिर चुनौती के दौर से गुजर रही है. बिहार में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन पाकिस्तानी आतंकियों की घुसपैठ की सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में ला दिया है.

3 terrorists of Jaish-e-Mohammed entered Bihar via Nepal
Image Source: Social Media

पटना: देश की सुरक्षा एक बार फिर चुनौती के दौर से गुजर रही है. बिहार में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन पाकिस्तानी आतंकियों की घुसपैठ की सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में ला दिया है. 28 अगस्त 2025 को बिहार पुलिस मुख्यालय ने इसको लेकर राज्यव्यापी हाई अलर्ट जारी कर दिया है.

नेपाल सीमा से भारत में दाखिल हुए आतंकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये तीनों संदिग्ध आतंकी नेपाल के रास्ते बिहार में दाखिल हुए हैं. इनकी पहचान हसनैन अली निवासी रावलपिंडी, आदिल हुसैन निवासी उमरकोट और मोहम्मद उस्मान निवासी बहावलपुर के रूप में हुई है. तीनों आतंकियों का संबंध जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन से बताया जा रहा है. बिहार पुलिस ने इनकी फोटोज और पासपोर्ट डिटेल्स सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ साझा कर दी हैं.

विधानसभा चुनाव से पहले खतरे की आशंका

यह अलर्ट ऐसे समय पर आया है जब बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है. राज्य में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही थी, लेकिन अब इस संभावित आतंकी घुसपैठ ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है. सुरक्षा एजेंसियां इन आतंकियों के मकसद को लेकर गहराई से जांच में जुट गई हैं.

काठमांडू से बिहार तक का सफर

खुफिया जानकारी के मुताबिक, ये तीनों आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे थे. वहां से ये पिछले सप्ताह ही बिहार में दाखिल हुए हैं. यह भी आशंका जताई जा रही है कि इनका उद्देश्य देश के किसी हिस्से में आतंकी हमला करने का हो सकता है.

खुफिया एजेंसियां एक्टिव, सख्त निगरानी के निर्देश

बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के खुफिया तंत्र को तत्काल सक्रिय कर दिया है. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करें. सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है.

सियासी सरगर्मी के बीच सुरक्षा पर दोहरी चुनौती

यह अलर्ट ऐसे वक्त में जारी हुआ है जब राज्य में एसआईआर (जातीय सर्वे) को लेकर माहौल गर्म है. साथ ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई बड़े नेता बिहार दौरे पर हैं. ऐसे में राजनीतिक हलचल के बीच आतंकियों की मौजूदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त दबाव में डाल दिया है.

जनता से सहयोग की अपील

पुलिस मुख्यालय ने राज्य की जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें. अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत सूचनाओं पर विश्वास करें.

ये भी पढ़ें: अब अर्जेंटीना जाने के लिए भारतीयों को नहीं पड़ेगी VISA की जरूरत, मगर पूरी करनी होगी ये शर्त