अब अर्जेंटीना जाने के लिए भारतीयों को नहीं पड़ेगी VISA की जरूरत, मगर पूरी करनी होगी ये शर्त

Argentina Visa Rules: विदेश यात्रा का सपना अब और आसान हो गया है. अगर आपके पास वैध अमेरिकी वीजा है, तो अब अर्जेंटीना की सैर करना बिना किसी अतिरिक्त वीजा आवेदन के संभव हो गया है.

Argentina allows visa free entry for Indians with valid US visa to boost tourism
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Argentina Visa Rules: विदेश यात्रा का सपना अब और आसान हो गया है. अगर आपके पास वैध अमेरिकी वीजा है, तो अब अर्जेंटीना की सैर करना बिना किसी अतिरिक्त वीजा आवेदन के संभव हो गया है. अर्जेंटीना सरकार ने भारतीय नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए इस नई यात्रा सुविधा की घोषणा की है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

नई नीति: बिना अर्जेंटीना वीजा के एंट्री

अब भारतीय नागरिक जिनके पास वैध अमेरिकी टूरिस्ट वीजा है, वे अर्जेंटीना में प्रवेश कर सकते हैं बिना अर्जेंटीना का अलग वीजा लिए. इस फैसले से उन ट्रैवलर्स को राहत मिलेगी जो पहले दोनों देशों के वीजा प्रोसेस में समय और पैसे खर्च करते थे. यह जानकारी भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो काउसिनो ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी. उन्होंने बताया कि अर्जेंटीना के आधिकारिक राजपत्र में इस नियम को प्रकाशित किया जा चुका है.

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

राजदूत काउसिनो ने इस फैसले को टूरिज्म फ्रेंडली कदम बताया. उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना भारत से आने वाले और अधिक पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है. यह फैसला ना सिर्फ यात्रा को सरल बनाएगा, बल्कि भारत-अर्जेंटीना के सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को भी मजबूत करेगा.

द्विपक्षीय रिश्तों को भी मिलेगा फायदा

इस नीति से दोनों देशों के बीच सॉफ्ट डिप्लोमेसी और आपसी सहयोग को भी मजबूती मिलेगी. अमेरिका-भारत संबंधों की मजबूती को ध्यान में रखते हुए अर्जेंटीना ने यह रणनीतिक फैसला लिया है. अब भारतीय ट्रैवलर्स अमेरिका के बाद अर्जेंटीना भी आसानी से एक्सप्लोर कर सकेंगे.

आंकड़ों से समझें इसकी अहमियत

अर्जेंटीना के विनियमन और राज्य परिवर्तन मंत्री फेडे स्टर्ज़नेगर ने बताया कि 2024 में करीब 22 लाख भारतीयों ने अमेरिका की यात्रा की, और अमेरिका हर साल भारत में 10 लाख से अधिक वीजा जारी करता है. ऐसे में अर्जेंटीना को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक अब वहां का भी रुख करेंगे.

भारतीय यात्रियों के लिए सुनहरा मौका

यदि आप अमेरिका का वीजा रखते हैं और दक्षिण अमेरिका की खूबसूरत जगहों को एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो अब अर्जेंटीना आपके लिए बेहद आसान और किफायती डेस्टिनेशन बन गया है. अब यात्रा के खर्च और डॉक्यूमेंटेशन की झंझट कम होगी और आप बेझिझक अर्जेंटीना की संस्कृति, प्रकृति और जीवनशैली का आनंद उठा सकेंगे. 

ये भी पढ़ें: 'अपने पंगे में हमें मत घसीटो', न्यूक्लियर पर ट्रंप को ड्रैगन ने सुनाई खरी-खरी; कहा- रूस के साथ करो ये सब