योगी सरकार की बड़ी सौगात! यूपी इन 4 जिलों में एक साथ बनेंगे 18 पुल, करोड़ों का बजट हुआ पास

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने गोंडा, बहराइच और अन्य जिलों के लिए एक अहम योजना की मंजूरी दी है, जिसका सीधा फायदा लाखों लोगों को मिलेगा. लोक निर्माण विभाग के तहत 18 लघु पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है.

18 bridges to be built across 4 districts in Devipatan Mandal Gonda Balrampur Shravasti
Image Source: ANI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने गोंडा, बहराइच और अन्य जिलों के लिए एक अहम योजना की मंजूरी दी है, जिसका सीधा फायदा लाखों लोगों को मिलेगा. लोक निर्माण विभाग के तहत 18 लघु पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिससे इन क्षेत्रों में यात्रा करना और भी आसान हो जाएगा. देवीपाटन मंडल के अंतर्गत आने वाले इन जिलों के लिए अब 42 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जिससे इन जिलों की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी.

18 लघु पुलों के निर्माण को मंजूरी

यूपी सरकार ने 18 लघु पुलों के निर्माण के लिए 42 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है, जिसमें बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती के जिलों में पुलों का निर्माण होगा. इन पुलों में से बहराइच में 7, गोंडा में 5, बलरामपुर में 4 और श्रावस्ती में 2 पुल बनाए जाएंगे. इसके अलावा, केंद्र सरकार ने बहराइच जिले के लिए 4-लेन हाईवे की योजना को भी मंजूरी दी थी, जिसकी लागत 6969 करोड़ रुपये है. इससे भी इन जिलों की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा.

लंबे समय से हो रही थी पुलों की मांग

इन पुलों का निर्माण लंबे समय से इन क्षेत्रों के निवासियों की मांग रहा था. बारिश के दौरान जलभराव और सड़कों पर पानी जमा होने की वजह से यात्रा में काफी परेशानी आती थी. खासकर बहराइच के बाबागंज-मल्हिपुल क्षेत्र में लोग काफी परेशान थे, क्योंकि यहां पर पुल बहुत सकरा था और लोगों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता था. अब यहां 1.16 करोड़ की लागत से पुल निर्माण होगा, जिससे यह समस्या हल हो जाएगी और यात्रियों को राहत मिलेगी.

निर्माण विभाग का बयान और आगे की योजना

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार ने इन 18 पुलों के निर्माण के लिए पूरी धनराशि आवंटित कर दी है. जल्द ही इन पुलों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे और काम शुरू होगा. इन पुलों का निर्माण बाढ़ प्रभावित इलाकों में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा और बारिश के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को कम करेगा. इसके अलावा गोंडा जिले में चहलवा में बिसुही नदी पर और कंजाहीपुरवा संपर्क मार्ग पर पुल बनाए जाएंगे, जिनकी लागत क्रमशः 9.69 करोड़ और 4.69 करोड़ रुपये होगी.

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, कोल्ड स्टोरेज ढहने से 4 मजदूरों की मौत, CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान