Mangal Gochar 2026: वैदिक ज्योतिष में मंगल को साहस, ऊर्जा और पराक्रम का कारक ग्रह माना जाता है. 12 नवंबर 2026 की रात 8 बजकर 14 मिनट पर मंगल ने सिंह राशि में प्रवेश कर लिया है. इस राशि में मंगल 10 मार्च 2027 तक रहेंगे. सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं और ज्योतिष में मंगल तथा सूर्य को मित्र ग्रह माना जाता है. ऐसे में इस गोचर को खास माना जा रहा है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, मंगल का यह राशि परिवर्तन सभी 12 राशियों के साथ देश-दुनिया के कई क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है.
मंगल ग्रह का स्वभाव और गोचर का महत्व
ज्योतिष शास्त्र में मंगल को साहस, आत्मविश्वास, भूमि, भाई, पराक्रम और शारीरिक ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है. मंगल मेष और वृश्चिक राशि के स्वामी हैं, जबकि मकर में उच्च और कर्क राशि में नीच के माने जाते हैं. जिनकी कुंडली में मंगल शुभ स्थिति में होता है, उनमें नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने का आत्मविश्वास अधिक माना जाता है. ज्योतिषाचार्य डॉ. अनीष व्यास के अनुसार, सिंह राशि में मंगल की मौजूदगी से लोगों की कार्यक्षमता और आत्मविश्वास बढ़ सकता है. हालांकि, प्रतिकूल प्रभाव में गुस्सा, चिड़चिड़ापन और आक्रामकता भी बढ़ने की आशंका रहती है.
देश-दुनिया पर मंगल गोचर का असर
ज्योतिषीय आकलन के मुताबिक, मंगल का यह गोचर अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिहाज से सकारात्मक रह सकता है. व्यापार में तेजी, रोजगार के नए अवसर और लोगों की आय में बढ़ोतरी के योग बताए जा रहे हैं. सोने-चांदी की कीमतों में भी तेजी आने की संभावना जताई गई है. मौसम के मोर्चे पर कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश के संकेत माने जा रहे हैं और चिकित्सा क्षेत्र में नई उपलब्धियां मिल सकती हैं. वहीं मंगल के उग्र प्रभाव के चलते अग्निकांड, गैस दुर्घटना, भूकंप और विमान दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है. वैश्विक स्तर पर तनाव और हवाई हमलों में तेजी के साथ राजनीति में उतार-चढ़ाव की संभावना बताई गई है.
मेष से कन्या राशि तक कैसा रहेगा समय?
मेष राशि वालों के लिए धन लाभ और शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे अवसर बन सकते हैं, लेकिन सेहत और वैवाहिक जीवन पर ध्यान देना होगा. वृषभ राशि के जातकों को नौकरी और कारोबार में तरक्की मिल सकती है, हालांकि खर्चों पर नियंत्रण जरूरी रहेगा. मिथुन राशि वालों के रुके काम पूरे होने और भाग्य का साथ मिलने के योग हैं. कर्क राशि के लोगों को कार्यक्षेत्र में सराहना और मान-सम्मान मिल सकता है, लेकिन गुस्से से बचना होगा. सिंह राशि में ही मंगल का गोचर होने से आत्मविश्वास और पराक्रम बढ़ सकता है, मगर स्वभाव की उग्रता रिश्तों में तनाव ला सकती है. कन्या राशि वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने और आय के नए स्रोत बनने की संभावना है, लेकिन स्वास्थ्य और दांपत्य जीवन को लेकर सतर्क रहना होगा.
तुला से मीन राशि तक मंगल गोचर का प्रभाव
तुला राशि वालों के लिए निवेश और विवाह से जुड़े अच्छे अवसर बन सकते हैं, लेकिन खर्च और प्रेम संबंधों में सावधानी जरूरी होगी. वृश्चिक राशि के नौकरीपेशा और व्यापारियों को लाभ तथा मान-सम्मान मिल सकता है, हालांकि कार्यक्षेत्र में आंख मूंदकर किसी पर भरोसा न करें. धनु राशि के जातकों की धर्म-कर्म में रुचि बढ़ेगी और अधूरे काम पूरे होने के योग हैं. मकर राशि वालों को बड़े आर्थिक लेन-देन और निवेश में सतर्कता बरतनी चाहिए. कुंभ राशि के व्यापारियों को मुनाफा और कार्यों में सफलता मिल सकती है, लेकिन वैवाहिक जीवन में तालमेल बनाए रखना होगा. मीन राशि के जातकों को सफलता के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है और पारिवारिक चुनौतियों के बीच धैर्य रखना होगा.
मंगल के अशुभ प्रभाव से बचने के ज्योतिषीय उपाय
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, मंगल के प्रतिकूल प्रभाव को कम करने के लिए नियमित रूप से हनुमान जी की पूजा और हनुमान चालीसा का पाठ करना शुभ माना जाता है. माथे पर लाल चंदन या सिंदूर का तिलक लगाने और मंगलवार को बंदरों को गुड़-चना खिलाने की सलाह दी जाती है. इसके अलावा तांबे के बर्तन में गेहूं रखकर दान करना, लाल कपड़े और मसूर की दाल का दान करना भी मंगल से जुड़े उपायों में शामिल है. किसी जरूरी काम के लिए घर से निकलने से पहले थोड़ा शहद खाना भी पारंपरिक उपाय बताया गया है.
ये भी पढ़ें- छठ पूजा में दउरा घर लाने के हैं खास नियम, खाली टोकरी लाना माना जाता है अशुभ