Weather Update: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कहीं पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, तो कहीं बारिश और घने कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है. जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ रही है. वहीं, दिल्ली और राजस्थान में बूंदाबांदी के चलते मौसम ठंडा होने लगा है. उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाने लगा है, जबकि मध्य प्रदेश के 19 शहरों में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है.
इस बीच बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम ने ओडिशा की चिंता बढ़ा दी है. यहां एक और तूफान का खतरा मंडरा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है. मौसम में इस बदलाव का असर दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं, 18 और 19 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: डूबते सूर्य को अर्घ देने के पीछे क्या है रहस्य? ज्योतिष ने समझाया महत्व! | Latest