'नाकेबंदी तोड़ी तो जहाजों को समुद्र में दफन कर देंगे', ट्रंप ने दी ईरान को धमकी, कहा- जंग के लिए तैयार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर दोनों देशों के बीच बातचीत से कोई समझौता नहीं होता है तो अमेरिका 2027 में ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले दोबारा शुरू कर सकता है.

If the blockade is broken we will bury the ships at sea Trump threatens Iran
Image Source: Social Media

Donald Trump Warns Iran: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर दोनों देशों के बीच बातचीत से कोई समझौता नहीं होता है तो अमेरिका 2027 में ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले दोबारा शुरू कर सकता है. इतना ही नहीं, ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करने वाले ईरानी जहाजों को भी समुद्र में डुबोने की धमकी दी है.

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब इजरायल की ओर से अमेरिका पर ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई करने का दबाव बनाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं. इससे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका है. दूसरी ओर, ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि अगर उस पर हमला हुआ तो वह इसका कड़ा जवाब देगा.

ईरान के साथ बातचीत से खुश नहीं हैं ट्रंप

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में रविवार को ट्रंप ने स्वीकार किया कि अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत जारी है. हालांकि, उन्होंने बातचीत के तरीके पर नाराजगी जताई. ट्रंप ने ईरान के वार्ताकारों को 'प्रोफेशनल टैप डांसर' बताया. उनका मतलब था कि ईरानी प्रतिनिधि बातचीत में मुद्दों को साफ करने के बजाय बातों को घुमाते रहते हैं.

ट्रंप के मुताबिक, ईरान बातचीत तो कर रहा है, लेकिन किसी समझौते तक पहुंचने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसा समझौता चाहता है, जो आने वाले अमेरिकी प्रशासन के कार्यकाल में भी लागू रह सके.

2027 में फिर शुरू हो सकती है ईरान के खिलाफ कार्रवाई

ट्रंप के ताजा बयान से साफ है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी खत्म नहीं हुआ है. अगर साल के अंत तक बातचीत सफल नहीं होती है तो अमेरिका नए साल में फिर से बड़े सैन्य हमले शुरू करने पर विचार कर सकता है.

ट्रंप की सबसे बड़ी शर्त है कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे. हालांकि, उन्होंने ईरान में सत्ता परिवर्तन की अपनी पुरानी मांग से पीछे हटने के संकेत दिए हैं. इसके बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य और कई दूसरे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बन पाई है.

अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ने वाले जहाजों पर हमला होगा?

ट्रंप ने ईरान को अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को चुनौती देने के खिलाफ भी चेतावनी दी है. ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के जहाज अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर सकते हैं. अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास यह नाकेबंदी लगाई है, जिसका मकसद ईरान के तेल कारोबार को रोकना है.

इस पर ट्रंप ने कहा कि अगर ईरानी जहाज नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करेंगे तो उनका भी वही हाल होगा, जो ईरान की बाकी नौसेना का हुआ है. उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे जहाजों पर अमेरिकी सेना गोलीबारी कर सकती है.

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करने वाले ईरानी जहाज समुद्र की तलहटी में पहुंचा दिए जाएंगे. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तेल टैंकरों पर हमलों की खबरें भी सामने आ रही हैं.

अमेरिका और ईरान के बीच फिर बढ़ सकता है टकराव

इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान पर हवाई हमले किए थे. इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था. इस संघर्ष का असर पूरे अरब क्षेत्र के साथ-साथ दुनिया के कई देशों पर पड़ा.

पिछले कुछ महीनों से दोनों पक्षों के बीच सैन्य कार्रवाई रुकी हुई है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समझौता नहीं हो पाया है. ऐसे में ट्रंप की ताजा धमकी ने एक बार फिर युद्ध का खतरा बढ़ा दिया है. अगर बातचीत नाकाम रहती है तो 2027 की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बड़ा सैन्य टकराव देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें-  भारत की सख्ती से झुका बांग्लादेश! गंगा जल समझौते पर नरम पड़े तारिक रहमान, बातचीत शुरू करने की गुहार