2035 तक कहां-कहां होंगे क्रिकेट के बड़े टूर्नामेंट? भारत को मिली दो बड़ी मेजबानी, ICC ने जारी किया कैलेंडर

ICC Tournament Schedule: ICC ने 2035 तक होने वाले पुरुष क्रिकेट के सभी बड़े टूर्नामेंटों का कैलेंडर मंजूर कर लिया है. भारत को 2029 में चैम्पियंस ट्रॉफी और 2031 में बांग्लादेश के साथ वनडे वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी मिली है. जानें टी20 वर्ल्ड कप, WTC फाइनल और अन्य टूर्नामेंट कब और किन देशों में खेले जाएंगे.

ICC-Announces-Mens-Cricket-Tournament-Schedule-Through-Year-2035
Image Source: Social Media

ICC Tournament Schedule: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने साल 2035 तक होने वाले प्रमुख पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों का कार्यक्रम तय कर दिया है. इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठकों के बाद ICC बोर्ड ने इस कैलेंडर को मंजूरी दी. इसमें वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैम्पियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) फाइनल शामिल हैं. इस कार्यक्रम में भारत को दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है, जबकि कई अन्य आयोजनों के मेजबान देशों का फैसला अभी बाकी है.

भारत में 2029 की चैम्पियंस ट्रॉफी

ICC के तय कार्यक्रम के मुताबिक, भारत अक्टूबर 2029 में चैम्पियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा. इसके दो साल बाद यानी 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे वर्ल्ड कप आयोजित करेंगे. यह टूर्नामेंट 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक खेला जाएगा. ICC के CEO संजोग गुप्ता ने कहा कि वैश्विक टूर्नामेंट का कैलेंडर क्रिकेट के विकास और विस्तार में अहम भूमिका निभाता है. इससे खिलाड़ियों और प्रशंसकों को बड़े स्तर पर खेल से जुड़ने के अवसर मिलते हैं.

2028 और 2030 में होंगे टी20 वर्ल्ड कप

टी20 वर्ल्ड कप के अगले दो संस्करणों की मेजबानी भी तय हो गई है. साल 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट का आयोजन करेंगे. यह इसका 11वां संस्करण होगा और मुकाबले 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक खेले जाएंगे. इसके बाद 2030 में इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मिलकर टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे. यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित होगा. वहीं, 2032 और 2034 के टी20 वर्ल्ड कप की तारीखें तय हैं, लेकिन मेजबान देशों का ऐलान अभी नहीं किया गया है.

इंग्लैंड में होंगे 2029 और 2031 के WTC फाइनल

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल हर दो साल में जून के महीने में आयोजित किया जाएगा. ICC ने 2035 तक के फाइनल का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है. इसके मुताबिक, 2029 का फाइनल 8 से 12 जून और 2031 का फाइनल 12 से 16 जून तक इंग्लैंड में खेला जाएगा. वहीं, 2033 और 2035 के फाइनल की मेजबानी किस देश को मिलेगी, यह अभी तय नहीं हुआ है. इन दोनों फाइनल के लिए क्रमशः 9 से 13 जून 2033 और 7 से 11 जून 2035 की तारीखें प्रस्तावित हैं.

2033 में फिर खेली जाएगी चैम्पियंस ट्रॉफी

भारत में 2029 में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद इसका अगला संस्करण 2033 में आयोजित किया जाएगा. यह टूर्नामेंट 2 से 23 अक्टूबर तक खेला जाएगा, हालांकि मेजबान देश का नाम अभी सामने नहीं आया है. वनडे वर्ल्ड कप की बात करें तो 2031 के बाद अगला संस्करण 2035 में होगा. इसके मुकाबले 2 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रस्तावित हैं. इस टूर्नामेंट की मेजबानी किस देश को मिलेगी, इस पर ICC ने फिलहाल कोई फैसला नहीं किया है.

फिलहाल किन टीमों के पास हैं बड़े ICC खिताब?

मौजूदा चैंपियन टीमों की बात करें तो वनडे वर्ल्ड कप का खिताब ऑस्ट्रेलिया के पास है, जबकि वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप की गदा दक्षिण अफ्रीका के पास है. दूसरी ओर, भारत के पास टी20 वर्ल्ड कप और चैम्पियंस ट्रॉफी दोनों के खिताब हैं. आने वाले वर्षों में होने वाले इन बड़े टूर्नामेंटों के जरिए टीमों को अपने खिताब बचाने और नए इतिहास रचने का मौका मिलेगा.

ये भी पढ़ें- चौथे वनडे में मिली हार का भारत ने लिया बदला, आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर 3-1 से जीती सीरीज