Cyclone Akvan: चक्रवात अकवान ने बदली राह, ओडिशा के तट से टकराने का अनुमान, बंगाल में 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान ने बदला रास्ता, अब आंध्र प्रदेश के नरसापुर से ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने का अनुमान; 19 से 21 नवंबर तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी.

cyclone-akvan-changes-track-bengal-heavy-rainfall-alert-november
Image Source: Social Media

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात ‘अकवान’ का रास्ता बदलने से मौसम विभाग की चिंता बढ़ गई है. पहले इसके आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने का अनुमान था, लेकिन अब इसके संभावित लैंडफॉल का क्षेत्र बदलकर आंध्र प्रदेश के नरसापुर से ओडिशा के पुरी के बीच बताया गया है. चक्रवात के असर से पश्चिम बंगाल में 19 से 21 नवंबर तक भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.

बंगाल के इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में अति भारी बारिश की आशंका जताई है. वहीं दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश हो सकती है. राजधानी कोलकाता में भी गुरुवार से लगातार तीन दिनों तक बारिश होने के आसार हैं. इसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है.

40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम की स्थिति को देखते हुए राज्य प्रशासन अलर्ट पर है. खासतौर पर तटीय इलाकों में सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं. प्रशासन ने मछुआरों को 19 और 20 नवंबर को समुद्र में न जाने की सलाह दी है.

चक्रवात ‘अकवान’ ने क्यों बदला अपना रास्ता?

मौसम विभाग के बुधवार सुबह के पूर्वानुमान में चक्रवात के 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की संभावना जताई गई थी. उस समय इसके भीषण चक्रवात का रूप लेने और हवा की अधिकतम निरंतर गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान था.

अब नरसापुर से पुरी के बीच लैंडफॉल का अनुमान

बुधवार दोपहर मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बदलाव किया. नई जानकारी के मुताबिक, चक्रवात के आंध्र प्रदेश के नरसापुर से ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है. इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. चक्रवात के बदले मार्ग और संभावित प्रभाव को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है.

प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह

चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय और आसपास के जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी गई है, वहीं तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवाती तूफान, आंध्र प्रदेश-ओडिशा में अलर्ट, जानें कैसा रहेगा मौसम?