Chhath Puja 2026: छठ पूजा का आखिरी दिन कल, कितने बजे दें उगते सूर्य को अर्घ्य? जानें सूर्योदय का सही समय

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व का समापन 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ होगा. इस दिन व्रती सुबह 6 बजकर 44 मिनट पर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. जानें उषा अर्घ्य की सही पूजा विधि, शुभ समय और इस दौरान किन जरूरी नियमों का पालन करना चाहिए.

chhath-puja-2026-usha-arghya-date-time-vidhi-rules
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व के चार दिनों तक चलने वाली सूर्य उपासना का समापन 16 नवंबर 2026 को होगा. इस दिन व्रती उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे. कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर उषा अर्घ्य देने की परंपरा है. इस दौरान श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं.

छठ पूजा में उषा अर्घ्य का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ पूजा में सूर्य देव और छठी मैया की विधि-विधान से आराधना करने पर परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है. साथ ही उत्तम स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का आशीर्वाद मिलता है. पर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत का समापन किया जाता है. इसलिए इस दिन पूजा के सभी नियमों और परंपराओं का पालन करना विशेष महत्वपूर्ण माना जाता है.

उषा अर्घ्य की तारीख और शुभ समय

वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि 16 नवंबर को रात 2 बजे शुरू होगी और 17 नवंबर की सुबह 4 बजकर 19 मिनट पर समाप्त होगी. छठ महापर्व के अंतिम दिन यानी 16 नवंबर को सूर्योदय सुबह 6 बजकर 44 मिनट पर होगा. इसी समय व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इसके बाद व्रत का पारण किया जाएगा.

उषा अर्घ्य देने की पूजा विधि

छठ पूजा के चौथे दिन व्रती सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करके साफ वस्त्र धारण करें. इसके बाद बांस के सूप में ठेकुआ, चावल के लड्डू और अन्य पूजन सामग्री सजाकर छठ घाट पर पहुंचें. जल में खड़े होकर पूर्व दिशा की ओर मुख करें और सूर्य देव के उदय होने की प्रतीक्षा करें. सूर्य निकलने पर तांबे के लोटे से जल और कच्चे दूध की धार सूप पर गिराते हुए अर्घ्य दें. इस दौरान सूर्य देव के नामों का स्मरण करें और छठी मैया की आरती कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें. पूजा पूरी होने के बाद प्रसाद वितरित करें.

उषा अर्घ्य के दौरान इन नियमों का करें पालन

छठ पूजा के अंतिम दिन साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखना चाहिए. स्नान किए बिना पूजा की सामग्री को हाथ नहीं लगाना चाहिए और गंदे हाथों से सूप या प्रसाद को छूने से बचना चाहिए. पूजा में स्टील, प्लास्टिक या कांच के बर्तनों का इस्तेमाल करने की मनाही मानी जाती है. अर्घ्य देने के बाद पूजा में इस्तेमाल किए गए फूल-पत्तों को इधर-उधर फेंकने के बजाय किसी पवित्र जल में प्रवाहित करना चाहिए.

ये भी पढ़ें- मंगल का सिंह राशि में महागोचर, जानें 4 महीने तक किन राशियों की चमकेगी किस्मत और किन्हें रहना होगा सावधान?