कटिहार, न्यूज डेस्क: बिहार के कटिहार जिला के फलका प्रखंड के भाजपा कार्यकर्ता हत्याकांड मामले में बुधवार को भी बाजार में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. आक्रोशित ग्रामीण उग्र होकर फलका कुरसेला स्टेट हाइवे-77 पथ को जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इस घटना के बाद से ही फलका बाजार पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है. गुस्साए लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है तो वहीं पुलिस उन्हें समझाने बुझाने का काम कर रही. लेकिन लोग नहीं मान रहे हैं.
ग्रामीणों पर लाठी चार्ज
इस बीच स्थानीय पुलिस व सशस्त्र बलों द्वारा ग्रामीणों पर लाठी चार्ज कर दिया गया. जिससे स्थिति और तनावपूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है. ग्रामीणों को पुलिस ने खदेड़ दिया लेकिन गुस्साए लोग जाम हटाने को तैयार नहीं है. लोग दोबारा सड़क पर पहुंच कर जाम कर रहे हैं. इतना ही नहीं आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी भी की. वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कटिहार में बैखौफ बदमाशों ने फलका प्रखंड प्रमुख पति कंचन मंडल समेत दो लोगों को गोली मार दी. इस घटना में पति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई, जब कंचन मंडल अपने अमरपुर स्थित गिट्टी बालू की दुकान पर बैठा हुआ था. उसी दौरान तीन नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने मौके पर पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी.
रिपोर्ट- निरंजन सिंह