हैदराबाद, न्यूज डेस्क: हैदराबाद में आजकल खाने को लेकर आए दिन कुछ ना कुछ बवाल होने की खबर सामने आ रही है. कभी नाराज बराती खाने की वजह से शादी तोड़ते दिखते हैं तो कभी कुछ और. ताजा मामला मशहूर ग्रैंड होटल (Hyderabad) से सामने आया है. जहां बार-बार अधपकी बिरयानी परोसने को लेकर विवाद छिड़ गया. ये विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल (Viral Video) हो गया है. जिसमें महिलाओं को जोर-जोर से चिल्लाते हुए सुना जा सकता है.
भड़क गए होटल कर्मचारी
रिपोर्ट के अनुसार, एबिड्स के मशहूर ग्रैंड होटल में नए साल का जश्न मनाने आए एक परिवार को अधपकी बिरयानी दी गई. इन लोगों ने बिरयानी के पके न होने पर दोबारा पका कर लाने के लिए कहा. फिर जब दोबारा बिरयानी लाई गई तब भी वह अधपकी ही थी. इस पर परिवार ने कर्मचारियों से सवाल किए और बहस शुरू हो गई. ये विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि एक ग्राहक ने वेटर को थप्पड़ मार दिया. फिर वेटर ने तुरंत अपने साथियों को बुला लिया, जिसके बाद विवाद और ज्यादा बढ़ गया.
लाठियों से किया गया हमला किया
होटल के कर्मचारियों ने कथित तौर पर ग्राहकों पर लाठियों से हमला किया. वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया. वीडियो के वायरल होने पर पुलिस ने केस दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया. रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी वेटरों और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 (जानबूझकर खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 509 (एक महिला की विनम्रता का अपमान करने के इरादे से अधिनियम) के तहत उल्लंघन के लिए मामला दर्ज किया गया. हालांकि बाद में इन लोगों को जमानत पर छोड़ दिया गया.