पाकिस्तान के F-16 होंगे और खतरनाक, अमेरिकी अपग्रेड से बढ़ेगी ताकत, भारत पर परमाणु हमले का खतरा?

अमेरिका पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमानों को आधुनिक बनाने के लिए 686 मिलियन डॉलर खर्च करने जा रहा है. इस फैसले ने भारत की चिंता बढ़ा दी है.

US package to Pakistan for the upgrade of F-16 fighter jets Nuclear Strike Capabilities
Image Source: Social Media

अमेरिका पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमानों को आधुनिक बनाने के लिए 686 मिलियन डॉलर खर्च करने जा रहा है. इस फैसले ने भारत की चिंता बढ़ा दी है. भारत ने अमेरिका के इस कदम को दोहरे रवैये वाला बताया है. उसका कहना है कि अमेरिका एक तरफ ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान की सैन्य ताकत बढ़ाने में मदद कर रहा है.

हालांकि, अमेरिका के इस पैकेज में पाकिस्तान को कोई परमाणु हथियार नहीं दिया जा रहा है. इसके बावजूद अपग्रेड के बाद पाकिस्तानी F-16 पहले से ज्यादा आधुनिक हो जाएंगे. इनके संचार, नेविगेशन और सुरक्षा सिस्टम में सुधार किया जाएगा. इससे पाकिस्तान की सैन्य क्षमता बढ़ सकती है.

भारत ने इस मुद्दे को अमेरिकी अधिकारियों के सामने भी उठाया है. पिछले महीने फिलीपींस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मुलाकात हुई थी. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के F-16 विमानों के लिए अमेरिका की ओर से दी जा रही 686 मिलियन डॉलर की मदद पर भारत की चिंता जाहिर की थी.

अमेरिकी मदद से F-16 में होंगे ये बड़े बदलाव

पाकिस्तान लंबे समय से अपने F-16 विमानों का इस्तेमाल कर रहा है. इनमें से कई विमान पुराने हो चुके हैं और उन्हें आधुनिक तकनीक से लैस करने की जरूरत है. अमेरिकी पैकेज से इनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी. इसके तहत कई अहम तकनीकी बदलाव किए जाएंगे.

Link-16 सिस्टम से बढ़ेगा सैन्य तालमेल

पाकिस्तान को इस पैकेज के तहत 92 Link-16 डेटा लिंक सिस्टम मिलेंगे. यह एक सुरक्षित संचार तकनीक है, जिसका इस्तेमाल अमेरिका और NATO देश करते हैं. इसकी मदद से F-16 के पायलट हवा में रहते हुए ही थल सेना और नौसेना के साथ जरूरी जानकारियां साझा कर सकेंगे. इससे अलग-अलग सैन्य इकाइयों के बीच तालमेल बेहतर होगा.

रडार और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम होंगे बेहतर

अमेरिका पाकिस्तानी विमानों के एवियोनिक्स सॉफ्टवेयर, रडार और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को भी अपग्रेड करेगा. इससे F-16 की दुश्मन के विमानों को पहचानने और उन पर नजर रखने की क्षमता बढ़ सकती है. साथ ही युद्ध के दौरान पायलटों को बेहतर तकनीकी मदद मिलेगी.

2040 तक इस्तेमाल कर सकेगा पाकिस्तान

इस पैकेज में विमानों की मरम्मत, रखरखाव और नए स्पेयर पार्ट्स की सुविधा भी शामिल है. इससे पाकिस्तान अपने पुराने F-16 विमानों को अगले करीब 15 साल तक इस्तेमाल कर सकेगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के पास लगभग 70 F-16 लड़ाकू विमान हैं.

सटीक निशाना लगाने की क्षमता पर भी काम

इस पैकेज में परीक्षण के लिए 6 निष्क्रिय Mk-82 बम बॉडी भी शामिल हैं. इनका वजन 500 पाउंड होगा और इनमें विस्फोटक नहीं होगा. इनकी मदद से पाकिस्तान अपने F-16 विमानों पर लेजर और सैटेलाइट से निर्देशित हथियारों का परीक्षण कर सकेगा. इससे सटीक निशाना लगाने वाली तकनीक को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.

क्या F-16 से परमाणु हमला कर सकता है पाकिस्तान?

भारत की सबसे बड़ी चिंता इसी सवाल को लेकर है. अमेरिकी अपग्रेड के बाद पाकिस्तान के F-16 विमानों की नेविगेशन, संचार और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से जुड़ी क्षमताएं बेहतर हो जाएंगी. इससे युद्ध के दौरान इन विमानों का इस्तेमाल पहले से ज्यादा प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा.

हालांकि, यह समझना जरूरी है कि अमेरिका के पैकेज में परमाणु बम शामिल नहीं हैं. साथ ही, सिर्फ विमान के अपग्रेड होने से यह साबित नहीं होता कि वह परमाणु हथियार ले जाने और गिराने में सक्षम हो गया है. इसके लिए हथियारों और विमान के बीच तकनीकी अनुकूलता समेत कई दूसरी चीजें भी जरूरी होती हैं.

फिर भी भारत को आशंका है कि F-16 की बढ़ती तकनीकी क्षमता पाकिस्तान की परमाणु हमले से जुड़ी तैयारियों को मजबूती दे सकती है. यही वजह है कि भारत अमेरिकी सैन्य पैकेज को लेकर अपनी चिंता जता रहा है.

ये भी पढ़ें- हवा में घुला जहर! दुनिया में हर साल प्रदूषण से 80 लाख मौतें, भारत सबसे ज्यादा प्रभावित, देखें आंकड़े