दिवाली के दिन बिगड़ेगा मौसम, इन शहरों में तूफानी हवाओं के साथ होगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

तमिलनाडु में दिवाली के दिन मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के सात जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है.

Weather on Diwali rain accompanied by stormy winds expected IMD alert
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

IMD Rain Alert: तमिलनाडु में दिवाली के दिन मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के सात जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और केरल तट के पास बने सर्कुलेशन के कारण राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक कावेरी डेल्टा और दक्षिणी तटीय जिलों में बारिश का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग ने रविवार 8 नवंबर 2026 को तंजावुर, तिरुवरूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, पुदुकोट्टई, रामनाथपुरम और तूतीकोरिन में भारी बारिश का अनुमान जताया है. इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

इसके अलावा चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, कल्लाकुरिची, तिरुचिरापल्ली, अरियालुर और पेरम्बलुर में मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं शिवगंगा, इरोड, तिरुप्पुर, डिंडीगुल, मदुरै, विरुधुनगर, थेनी, तेनकासी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी में भी बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है.

9 नवंबर को भी 7 जिलों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार 9 नवंबर को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. इस दिन तंजावुर, तिरुवरूर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, पुदुकोट्टई, शिवगंगा और रामनाथपुरम में भारी बारिश होने की संभावना है.

वहीं नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, विरुधुनगर, डिंडीगुल, मदुरै, थेनी और तूतीकोरिन में मध्यम बारिश हो सकती है.

कावेरी डेल्टा में बारिश से किसानों को फायदा

अगले दो दिनों तक बारिश का अनुमान कावेरी डेल्टा के किसानों के लिए अहम है. इस इलाके में बड़े पैमाने पर धान की खेती होती है और खेती काफी हद तक बारिश पर निर्भर रहती है. ऐसे में अच्छी बारिश से किसानों को फायदा मिल सकता है. हालांकि, लगातार तेज बारिश होने पर निचले इलाकों में खेतों में पानी भरने की समस्या भी हो सकती है.

बारिश से यातायात हो सकता है प्रभावित

कम समय में तेज बारिश होने से तमिलनाडु के तटीय और अंदरूनी इलाकों में लोगों को परेशानी हो सकती है. इससे सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और केरल तट के पास बना सर्कुलेशन ही राज्य में बारिश की मुख्य वजह है.