दिवाली-छठ पर घर जाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे यात्री! ट्रेनों के दरवाजों पर लटके, देखें Video

दिवाली और छठ पूजा पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिल रही है.

Passengers risking their lives to get home for Diwali and Chhath watch video
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Diwali Chhath: दिवाली और छठ पूजा पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिल रही है. गुजरात के सूरत स्थित उधना रेलवे स्टेशन पर पिछले चार दिनों से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. हालात ऐसे हैं कि स्टेशन के तीनों वेटिंग एरिया पूरी तरह भर चुके हैं. हजारों यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने के लिए पार्किंग एरिया में लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है.

उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए रोजाना चार से ज्यादा ट्रेनें रवाना हो रही हैं, लेकिन त्योहारों के कारण यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है. बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ दिवाली और छठ मनाने के लिए घर लौट रहे हैं. स्टेशन पर लंबी कतारें और यात्रियों की भीड़ इस बात को दिखा रही है कि लोग त्योहार पर अपने घर पहुंचने के लिए कितने उत्सुक हैं.

रेलवे ने किए खास इंतजाम

मुंबई सेंट्रल के डीआरएम पंकज सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार खास इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि भारी भीड़ के बावजूद यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं. पंकज सिंह के मुताबिक, रविवार को ही करीब पांच ट्रेनों के जरिए यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया.

भोपाल स्टेशन पर बच्चे को गोद में लेकर ट्रेन में चढ़ता दिखा यात्री

त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर भीड़ का एक और चिंताजनक नजारा भोपाल रेलवे स्टेशन से सामने आया है. यहां एक वीडियो में यात्री एक हाथ में भारी सामान और दूसरे हाथ में बच्चे को संभालकर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है. भीड़ के बीच इस तरह ट्रेन में चढ़ने की कोशिश यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है.

दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर यात्री

दिवाली और छठ पूजा के लिए घर जाने वालों की संख्या बढ़ने से भोपाल रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है. ऐसे में कई यात्री धक्का-मुक्की करते हुए ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं.

इस स्थिति में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए खतरा और बढ़ जाता है. भीड़ के बीच थोड़ी सी लापरवाही या धक्का-मुक्की किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है. त्योहारों पर घर पहुंचने की जल्दबाजी में यात्रियों की सुरक्षा भी एक बड़ी चिंता बन गई है.

ये भी पढ़ें- 'पहली बार नक्सलवाद मुक्त दिवाली', बस्तर में जवानों के बीच पहुंचे पीएम मोदी, बोले- ये देश आपका ऋणी है