Diwali: पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दिवाली की शुभकामनाएं, बस्तर में सैनिकों के साथ मनाएंगे त्योहार

देशभर में आज दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं.

PM Modi extends Diwali greetings to the nation celebrate with soldiers
Image Source: ANI

नई दिल्ली: देशभर में आज दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सभी को बधाई दी. उन्होंने लिखा कि देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं.

पीएम मोदी ने दी दिवाली की बधाई

इससे पहले दीपावली की पूर्व संध्या पर भी प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं. उन्होंने कहा कि रोशनी का यह त्योहार पूरे देश को जगमगा देता है और अंधकार पर जीत हासिल करने के हमारे संकल्प को दिखाता है. उन्होंने कामना की कि दीपावली और आने वाला समय सभी के जीवन में खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए.

सैनिकों के साथ दिवाली मनाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि वह हर साल की तरह इस बार भी देश के बहादुर सैनिकों के साथ दीपावली मनाएंगे. उन्होंने कहा कि वह खुद भी बड़े उत्साह के साथ यह त्योहार मनाते हैं. हर साल देश के वीर जवानों के बीच जाकर दिवाली मनाना उनकी परंपरा रही है और इस बार भी इसे जारी रखेंगे.

हालांकि, प्रधानमंत्री ने अभी यह नहीं बताया है कि वह इस बार किस जगह पर सैनिकों के साथ दिवाली मनाएंगे.

पिछले साल INS विक्रांत पर मनाई थी दिवाली

पीएम मोदी पिछले कई सालों से देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के साथ दिवाली मनाते आ रहे हैं. पिछले साल उन्होंने गोवा के तट पर स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के साथ यह त्योहार मनाया था. इस दौरान उन्होंने सैनिकों के साथ समय बिताया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं.