'रोशनी से जगमगा रहा देश', पीएम मोदी ने दी दिवाली की शुभकामनाएं, वीडियो शेयर कर बताया इस बार का प्लान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली से एक दिन पहले देशवासियों को त्योहार की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

PM Modi extends Diwali wishes and shares a video outlining his plans for this year
Image Source: ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली से एक दिन पहले देशवासियों को त्योहार की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. इसके साथ ही पीएम मोदी ने यह भी बताया कि इस बार वह दिवाली किसके साथ मनाने वाले हैं. उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी वह देश के वीर जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाएंगे.

पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली के मौके पर पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है. यह प्रकाश का त्योहार है, जो अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प को दिखाता है. उन्होंने सभी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर किसी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे.

जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने दिवाली प्लान के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि वह भी बाकी लोगों की तरह बड़े उत्साह के साथ दीपावली मनाते हैं. हर साल उनका प्रयास रहता है कि इस खास मौके पर देश की रक्षा में तैनात वीर जवानों के बीच पहुंचें. इस बार भी वह अपनी यह परंपरा जारी रखेंगे. यानी इस साल भी प्रधानमंत्री दिवाली का त्योहार सेना के जवानों के साथ मनाएंगे.

जवानों के साथ मनाते आ रहे हैं दिवाली

नरेंद्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही दिवाली पर सेना के जवानों के बीच जाने की परंपरा शुरू की थी. साल 2014 में उन्होंने सियाचिन पहुंचकर सैनिकों के साथ दीपावली मनाई थी.

2015 में प्रधानमंत्री पंजाब के अमृतसर स्थित डोगराई युद्ध स्मारक पहुंचे थे. यहां उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों के साथ त्योहार मनाया. वहीं, 2016 में वह हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में ITBP और सेना के जवानों के बीच पहुंचे थे.

साल 2017 में पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा स्थित गुरेज सेक्टर में सैनिकों के साथ दिवाली मनाई. इसके बाद 2018 में वह उत्तरकाशी के हर्षिल पहुंचे और सेना तथा ITBP के जवानों के साथ त्योहार मनाया.

2019 में प्रधानमंत्री राजौरी में LoC पर तैनात जवानों के बीच पहुंचे थे. वहीं, 2020 में उन्होंने राजस्थान के जैसलमेर स्थित लोंगेवाला पोस्ट पर सैनिकों के साथ दीपावली मनाई थी. इस दौरान टैंक पर सवार पीएम मोदी की तस्वीर भी काफी चर्चा में रही थी.