दिवाली की रात देशभर में आग का कहर, 22 लोगों की गई जान, कई दुकानें और मकान जलकर राख

दिवाली की रात देश के कई हिस्सों में आग लगने की घटनाओं ने खुशियों के त्योहार को मातम में बदल दिया. पटाखों और अन्य कारणों से लगी आग में कुल 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

Diwali night Fire Accidents Across India 22 people lose their lives
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Diwali Fire Accidents: दिवाली की रात देश के कई हिस्सों में आग लगने की घटनाओं ने खुशियों के त्योहार को मातम में बदल दिया. पटाखों और अन्य कारणों से लगी आग में कुल 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. कुछ लोगों के लापता होने की भी खबर है. सबसे ज्यादा नुकसान मध्य प्रदेश में हुआ, जहां दो अलग-अलग घरों में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई.

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां किराने की दुकान के ऊपर बने मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई. वहीं, मुंबई के लोखंडवाला इलाके में आग की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई.

राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता हैं. आग की चपेट में आने से तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन जल गए. दिल्ली के नरेला में भी पटाखे से हादसा हुआ. यहां रॉकेट पटाखा पेट में लगने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई.

MP में दो घरों में लगी आग, 12 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई. मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. इनमें एक बच्चा महज दो महीने का था.

वहीं, सिवनी जिले में एक सराफा व्यापारी के घर में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 16 साल का एक किशोर भी शामिल है. प्रदेश में दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की जान गई. इनमें पांच महिलाएं, तीन पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं.

यूपी में 25 लाख का कबाड़ जलकर राख

उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की दुकान में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया. वहीं, पुणे में दिवाली की रात आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं. हालांकि, इन हादसों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

जम्मू के नेहरू मार्केट में आग लगने से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं. नागपुर में एक टीवीएस शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए.

मुंबई में दुकानें और झुग्गियां आग की चपेट में आईं

मुंबई के डोंगरी इलाके में आग लगने से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं. वहीं, दादर के कामगार स्टेडियम में लगी आग पर दमकल विभाग की टीम ने 17 मिनट में काबू पा लिया.

महाराष्ट्र के ठाणे में भी 17 मंजिला इमारत में आग लगने की घटना सामने आई. हालांकि, इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

इसके अलावा असम के जोनाई, पुणे के वडगांव शेरी, मुंबई के विद्याविहार, सिक्किम के गंगटोक में सरकारी आवास और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आग लगने की घटनाएं हुईं. इन सभी जगहों पर दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं.