पटना : राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव रविवार को पटना के गांधी मैदान में जन विश्वास रैली के दौरान उमड़ी भीड़ को देखकर खूब जोश में नजर आए. इस दौरान बिहार के लोगों को नौकरी देने का मुद्दा बनाया और लोगों से पूछा कि पहली बार किसने कहा था कि 10 लाख नौकरी देंगे? उनका इशारा पिछली बार के चुनाव में 10 लाख नौकरी देने की वादे की तरफ था. इसके साथ उन्होंने अपनी पार्टी के नाम मतलब बताते हुए कहा कि RJD का मतलब है - "R से Rights यानि अधिकार, J से Jobs यानि नौकरियां और D से Development मतलब विकास..."
इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, माकपा नेता सतीराम येचुरी, भाकपा माले के नेता दीपांकर भट्टाचार्य, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी समेत अन्य नेता पहुंचे हैं.
तेजस्वी ने ट्वीट किया है, "ये जन विश्वास महारैला नहीं बल्कि मुहब्बतों और उम्मीदों का जन सैलाब है. बिहार की पावन मिट्टी का वंदन! आज तो ऐसा लग रहा है कि पूरा बिहार ही पटना आ गया है. मेरे मालिकों ने पटना को पाट दिया है. अब इनका पटना से ही पतन शुरू होगा."
इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "रैली मैं देख रहा हूं कि पटना के सड़कों पर भी लोग मौजूद हैं, प्रशासन ने रातभर तंग किया लेकिन आप सब यहां पहुंचे हैं... नीतीश जी हमारे चाचा हैं, हम उनका आदर-सम्मान करते हैं लेकिन ये वही नीतीश कुमार हैं, जब 2020 में हमने वादा किया था कि हम 10 लाख सरकारी नौकरी देंगे... तब उन्होंने कहा था कि यह असंभव है, जो 17 साल में नहीं हुआ, उसी मुख्यमंत्री से उन्हीं के हाथों हमने लगभग 5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का काम किया."
राहुल बोले- देश में जब बदलाव आता है तब बिहार तूफान शुरू होता है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "देश में जब भी बदलाव आता है, तो बिहार में तूफान शुरू होता है. यहां से तूफान बाकी प्रदेशों में जाता है...बिहार देश की राजनीति का नर्व सेंटर है...आज देश में विचारधारा की लड़ाई है. एक तरफ नफरत, हिंसा, अहंकार और दूसरी तरफ मोहब्बत, भाईचारा है। अगर आप गठबंधन को समझना चाहते हो...एक लाइन में समझा जा सकता है-हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलते हैं..."
RJD की 'जन विश्वास महारैली' को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के राज्य में पिछले 3 सालों में 25 हजार लोग खुदकुशी कर चुके हैं क्योंकि नौकरी नहीं है, खाने के लिए अन्न नहीं है... फिर भी प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं, मोदी की गारंटी। आपकी गारंटी क्या है सबको मालूम है. सबको धोखा देना यही आपकी गारंटी है."
पटना में बोले अखिलेश- अगर UP, बिहार 120 पर हरा दें तो सोचो BJP का क्या होगा
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी रविवार पटना गांधी मैदान आयोजित तेजी की जन विश्वास रैली को संबोधित करते हुए कहा, "अगर उत्तर प्रदेश 80 हराओं का नारा दे रहा है तो बिहार भी पीछे नहीं, 40 हराओं का नारा यहां से निकल कर आ रहा है. अगर यूपी और बिहार मिलकर 120 सीट हरा देंगे तो भाजपा का क्या होगा."
तेजस्वी ने कहा- नीतीश को अपनी बात पर टिके रहना चाहिए
इससे पहले शनिवार को तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार के बार-बार पलटने की आलोचना की और उनसे अपनी बात पर कायम रहने को कहा.
राजद नेता एक दिन पहले नीतीश के जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "हम उन्हें (नीतीश कुमार) शुभकामनाएं देते हैं. उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें वहीं रहना चाहिए जहां हैं. कम से कम इस बार तो उन्हें अपनी बात पर कायम रहना चाहिए."
इस बीच, शनिवार को पीएम मोदी की मौजूदगी में बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को इंडिया ब्लॉक से अलग होने के बाद बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में भागीदार बने रहने का आश्वासन दिया.
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, "...आप (पीएम मोदी) पहले भी आए थे, 'पर इधर हम गायब हो गए थे. हम फिर आपके साथ हैं. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं इधर-उधर नहीं जाऊंगा. अब हम आप ही के साथ रहेंगे'...'' उनके इस टिप्पणी पर पीएम मोदी खूब हंसते नजर आए थे.
इससे पहले नीतीश कुमार ने पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि अब वह हमेशा एनडीए के साथ रहेंगे.
अरविंद केजरीवाल, CM मान ने लुधियाना में 13 और स्कूल ऑफ एमिनेंस का किया उद्घाटन