कैल्शियम से भरपूर रागी से बनाएं कर्नाटक की ये पारंपरिक डिश, आसान है रेसिपी

अगर आप अपनी डाइट में रागी को शामिल करना चाहते हैं या पहले से रागी की रोटी खाते हैं, तो एक बार कर्नाटक की मशहूर डिश रागी मुद्दे जरूर ट्राई करें. यह पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन स्वाद के साथ पोषण का भी अच्छा विकल्प है. रागी यानी नाचनी में कैल्शियम और फाइबर अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.

ragi-mudde-recipe-karnataka-style-finger-millet-food
Image Source: Internet

अगर आप अपनी डाइट में रागी को शामिल करना चाहते हैं या पहले से रागी की रोटी खाते हैं, तो एक बार कर्नाटक की मशहूर डिश रागी मुद्दे जरूर ट्राई करें. यह पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन स्वाद के साथ पोषण का भी अच्छा विकल्प है. रागी यानी नाचनी में कैल्शियम और फाइबर अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर आप घर पर ही नरम और स्वादिष्ट रागी मुद्दे तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

रागी मुद्दे बनाने के लिए सामग्री

रागी मुद्दे बनाने के लिए आपको एक कप रागी का आटा, 2 से 2¼ कप पानी, एक छोटा चम्मच घी या तेल और स्वादानुसार नमक चाहिए. ध्यान रखें कि पानी की मात्रा आटे के हिसाब से रखें, ताकि मिश्रण सही तरीके से पक सके.

घर पर कैसे बनाएं रागी मुद्दे?

पहला स्टेप: सबसे पहले एक कटोरी में करीब 2 चम्मच रागी का आटा लें. इसमें लगभग आधा कप ठंडा या सामान्य पानी डालकर अच्छी तरह फेंटें. ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें.

दूसरा स्टेप: अब मोटे तले वाली कढ़ाई या पैन में बचा हुआ पानी डालें. इसमें नमक और थोड़ा घी मिलाकर गर्म करें. जब पानी में उबाल आने लगे, तो तैयार रागी का घोल धीरे-धीरे डालें. इसे लगातार चलाते रहें, ताकि मिश्रण में गांठें न बनें.

तीसरा स्टेप: जब घोल में दोबारा उबाल आने लगे, तो गैस की आंच धीमी कर दें. अब बचा हुआ सूखा रागी का आटा ऊपर से धीरे-धीरे फैलाते हुए डालें. पैन को ढककर करीब 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें.

चौथा स्टेप: अब ढक्कन हटाकर लकड़ी के चम्मच या बेलन की मदद से मिश्रण को तेजी से चलाएं. इसे तब तक मिलाते रहें, जब तक सारा आटा अच्छी तरह एकसार न हो जाए और मिश्रण पैन के किनारों को छोड़ने न लगे. इसके बाद गैस बंद कर दें और इसे 2-3 मिनट के लिए ढककर रख दें.

पांचवां स्टेप: जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए और हाथ से छूने लायक रहे, तो हथेलियों पर थोड़ा पानी या घी लगा लें. अब मिश्रण को चिकना करते हुए बड़े-बड़े गोल लड्डू का आकार दें. तैयार हैं कर्नाटक के पारंपरिक रागी मुद्दे.

रागी मुद्दे को किसके साथ परोसें?

रागी मुद्दे को आमतौर पर सांभर, दाल या मसालेदार सब्जी के साथ परोसा जाता है. आप इसे अपनी पसंद की करी के साथ भी खा सकते हैं. यह पारंपरिक डिश पेट भरने वाला और स्वादिष्ट भोजन बन सकती है.

यह भी पढ़ें: सर्दियों में मीठे की क्रेविंग हो तो बनाएं केसर-बादाम सुतफेनी, राजस्थान की इस मिठाई का स्वाद है लाजवाब