सर्दियों के मौसम में कुछ मीठा और खास खाने का मन करता है. ऐसे में अगर आप घर पर कोई पारंपरिक और शाही मिठाई बनाना चाहते हैं, तो राजस्थानी केसर-बादाम सुतफेनी एक बेहतरीन विकल्प है. राजस्थान की यह मशहूर मिठाई अपनी लच्छेदार बनावट और दूधिया स्वाद के लिए जानी जाती है.
इसे दूध फेनी भी कहा जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं होती. बाजार में मिलने वाली तैयार सुतफेनी को केसर, बादाम और इलायची वाले गाढ़े दूध के साथ तैयार किया जा सकता है. अगर आप डिनर के बाद सर्दियों में कुछ मीठा परोसना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.
क्या होती है राजस्थानी सुतफेनी?
सुतफेनी एक पारंपरिक मिठाई है, जो बारीक धागों जैसी लच्छेदार बनावट के लिए पहचानी जाती है. इसे हल्का भूनकर गाढ़े और मीठे दूध के साथ परोसा जाता है. दूध में केसर, बादाम, पिस्ता और इलायची मिलाने से इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.
सुतफेनी बनाने के लिए सामग्री
- 1 लीटर फुल क्रीम दूध
- 1 कटोरी तैयार सुतफेनी
- 4-5 बड़े चम्मच चीनी
- 10-12 बादाम, बारीक कटे हुए
- 10-12 पिस्ता, बारीक कटे हुए
- 8-10 केसर के धागे
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 छोटा चम्मच देसी घी
कैसे बनाएं राजस्थानी केसर-बादाम सुतफेनी?
पहला स्टेप: सबसे पहले एक भारी तले वाला बर्तन लें और उसमें दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. दूध में उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें. इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दूध बर्तन के तले में न लगे. दूध थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं.
दूसरा स्टेप: अब एक कटोरी गर्म दूध में केसर के धागे भिगो दें. इसके बाद गाढ़े दूध में चीनी, केसर वाला दूध, कटे हुए बादाम, पिस्ता और इलायची पाउडर डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट पकाएं.
तीसरा स्टेप: अब एक पैन में देसी घी गर्म करें. इसमें तैयार सुतफेनी डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक भूनें. ध्यान रखें कि सुतफेनी ज्यादा न टूटे और न ही बहुत ज्यादा भुने.
चौथा स्टेप: भुनी हुई सुतफेनी को एक सर्विंग बाउल में रखें. इसके ऊपर गर्म केसर-बादाम वाला दूध डालें. इसे कुछ मिनट ऐसे ही छोड़ दें, ताकि सुतफेनी दूध को अच्छी तरह सोख ले.
पांचवां स्टेप: आखिर में ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और केसर के धागे डालें. आपकी स्वादिष्ट राजस्थानी केसर-बादाम सुतफेनी तैयार है. इसे गर्मागर्म या हल्का ठंडा करके परोस सकते हैं.
सुतफेनी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
सुतफेनी का स्वाद और टेक्सचर बेहतर बनाने के लिए दूध को अच्छी तरह गाढ़ा करना जरूरी है. वहीं, इसे घी में बहुत देर तक न भूनें, वरना इसकी लच्छेदार बनावट खराब हो सकती है. दूध डालने के बाद भी इसे बहुत देर तक न छोड़ें, क्योंकि ज्यादा देर रखने पर सुतफेनी जरूरत से ज्यादा नरम हो सकती है.
यह भी पढ़ें: शादी-पार्टी जैसे दही भल्ले अब घर पर बनाएं, बस बैटर फेंटते समय रखें ये ध्यान